सीएम नायब सिंह सैनी व ऊर्जा मंत्री अनिल विज शहीद स्मारक का निरीक्षण करते हुए। प्रवक्ता
अंबाला। अंबाला छावनी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित शहीद स्मारक का वीरवार को सीएम नायब सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह स्मारक न केवल हमारी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करेगा, बल्कि आने वाली पीढि़यों विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह स्मारक भविष्य में राष्ट्रीय गौरव का प्रमुख केंद्र बनेगा और देशभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करेगा।
अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने स्मारक को और अधिक भव्य बनाने के लिए सुझाव दिए जिन्हें जल्द अमल में लाया जाएगा। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद अब इसकी संभावना और बढ़ गई है कि पीएम नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम शहीद स्मारक को लेकर कभी भी बन सकता है। सीएम का निरीक्षण इसी बात का संकेत देता है। निरीक्षण के दौरान सीएम ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज के विजन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और विशेष रुचि के कारण यह स्मारक एक भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप में विकसित हो रहा है।
देशभक्ति की भावना को जीवंत रखने वाला राष्ट्रीय चेतना केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्मारक केवल एक भवन नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना को जीवंत रखने वाला राष्ट्रीय चेतना केंद्र होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आजादी के अमृत काल के अंतर्गत स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं और आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।
शेष कार्यों को पूरा करने के निर्देश
अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्मारक में शेष छोटे-मोटे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मारक के प्रत्येक भाग में ऐतिहासिक तथ्यों की प्रमाणिकता और प्रस्तुति की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि यहां आने वाले लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास का वास्तविक अनुभव प्राप्त हो सके।
सीएम नायब सिंह सैनी व ऊर्जा मंत्री अनिल विज शहीद स्मारक का निरीक्षण करते हुए। प्रवक्ता