अंबाला सिटी। आश्रम में हुई डकैती की वारदात के विरोध में तुरंत कार्यवाही करने के लिए कई राज्यों से एकत्रित हुए संत समाज की बैठक हुई। संत समाज ने इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए गहरा रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में अंबाला प्रशासन द्वारा तुरंत कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए तो मजबूर होकर संत समाज और स्थानीय लोगों द्वारा सड़कों पर आकर रोष प्रदर्शन किया जाएगा। इस आपराधिक वारदात को हुए करीब नौ दिन हो गए, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई संतोषजनक कार्यवाही नहीं की गई। आश्रम के संचालक स्वामी ज्ञान महाराज को कोई सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर स्वामी और अन्य सेवकों को फिर दोबारा आने व जान से मारने की धमकी देकर गए।
बता दें कि बलदेव नगर-नारायणगढ़ रोड, खतौली गेट नजदीक गोशाला पर स्थित निराकारी जागृति मिशन के आश्रम में चोरों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। यह वारदात दो मई की रात करीब एक बजकर 35 मिनट पर हुई थी। जहां पांच से छह नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल, तलवार, चाकुओं से लैस होकर एडवोकेट स्वामी ज्ञान नाथ महाराज व आश्रम के अन्य श्रद्धालुओं से मारपीट की और डकैती की वारदात को अंजाम दिया।