लंबे समय से ठप पड़ा सैलून और ब्यूटी पार्लर का धंधा अब फिर से शुरू हो जाएगा। इसके लिए अंबाला शहर में एसडीएम ने आर्डर जारी कर दिए हैं। सैलून और ब्यूटी पार्लर खुलने से अपने बालों और फेस के लिए चिंतित हो रहे युवाओं की चिंता तो खत्म होंगी ही साथ ही साथ इनके संचालकों को भी राहत मिलेगी। 23 मार्च से लेकर इन्हें अब तक पूरी तरह से बंद किया गया था। इसीलिए इनके जरिए अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे लोगों के पसीने छूटे हुए थ लेकिन अब इनको प्रशासन ने संजीवनी देने का काम किया है।
मार्केट कांपलेक्स को भी छूट जारी: मार्केट कांपलेक्स को खोलने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। लेकिन यह सभी राईट और लेफ्ट के नियमों के तहत खुलेंगे। इनके लिए निर्धारित मापदंडों एवं हिदायतों की पालना सुनिश्चित करनी होगी। इन सभी को नियम के अनुसार प्रात: 10 बजे से सांय 5 बजे तक खोल सकते हैं। मार्केट कांपलेक्स जैसे जग्गी कांपलेक्स आदि ऐसी जगह जहां पर बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले या अन्य गतिविधियां शामिल हैं उन पर प्रतिबंध रहेगा। यह सुरक्षा की दृष्टि से किया गया है।
बेकरी और रेस्टोरेंट भी खुलेंगे आज : राईट और लेफ्ट नियम के मुताबिक रेस्टोरेंट, बेकरी भी निर्धारित समय के तहत खोल सकते हैं। इसके लिए संबंधित को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी रेस्टोरेंट, ढाबा, बेकरी में बैठने की व्यवस्था नहीं होगी। व्यक्ति बाहर से ही सामान खरीदकर ले जा सकता है। इसके साथ-साथ होम डिलीवरी भी कर सकता है।
करियाना दुकानों पर लागू किया नियम: करियाना दुकानें पहले सप्ताह में 6 दिन खुलती थी लेकिन अब वह राईट और लैफ्ट नियम के हिसाब से खोली जायेंगी। दुकानदार इन नियमों के तहत ही अपनी दुकानें खोलना सुनिश्चित करेंगे।
सप्ताह में छह दिन खुलेंगी यह दुकानें : दूध की डेयरी, केमिस्ट की दुकानें, चारे की दुकानें व सब्जी की दुकानें सप्ताह में 6 दिन खुल सकेंगी। यह सभी दुकानें प्रात: 10 बजे से सांय 5 बजे तक खुली रहेंगी। यह दुकाने इसलिए खुली रहेंगी क्योंकि इनके सामान जैसे दूध, चारा, सब्जियां आदि के खराब होने की संभावना रहती है, इसके लिए इन्हें यह छूट दी गई है।