अंबाला सिटी। शहर में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा की हड़ताल सातवें दिन भी जारी रही। यूनियन की वर्चुअल बैठक में आंदोलन को और तेज करते हुए हड़ताल को 25 मई तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। भयंकर गर्मी के बीच प्रदेश के 10 हजार सफाई कर्मी ब्लॉक व जिला मुख्यालयों पर धरने पर बैठे हैं। यूनियन के राज्य प्रधान बसाऊ राम और महासचिव विनोद कुमार ने बताया कि अपनी मांगों के समर्थन में कर्मचारी 22 मई को अंबाला ब्लॉक-1 सहित सभी जिलों में सरकार का पुतला फूंकेंगे। इसके बाद 24 और 25 मई को नरवाना में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी के विधानसभा कार्यालय पर महापड़ाव डाला जाएगा।
नेताओं ने सरकार पर वादाखिलाफ़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर उच्च अधिकारियों तक कई बार मांग पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन सरकार वार्ता के लिए तैयार नहीं है। उच्च न्यायालय के आदेश लागू न होने, 12 वर्षों से पक्की भर्ती न होने, 26,000 न्यूनतम वेतन न मिलने और सेवानिवृत्ति या मृत्यु पर कोई आर्थिक सहायता न मिलने से कर्मचारियों में भारी रोष है। इस अवसर पर बैठक में सीटू कोषाध्यक्ष सुखबीर सिंह, उपमहासचिव देवीराम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह और कोषाध्यक्ष संदीप कुमार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।