अंबाला। नगर परिषद अंबाला सदर के चुनावों की मतगणना बुधवार को अंबाला छावनी के एसडी काॅलेज में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। पुलिस ने सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद प्रबंध किए थे। सुबह लगभग सात बजे ही पुलिस ने एसडी कॉलेज के समक्ष सड़क मार्ग को बंद कर दिया था।
इस कारण से जाम के हालात बने रहे। एक तरफ का रूट सुचारू करने के बावजूद जाम में लोग परेशान दिखाई दिए। यह जाम टांगरी बांध से सप्लाई चौक तक रहा। इस दौरान अंबाला कैंट से साहा की तरफ आने वाले सड़क मार्ग को खुला रखा। कॉलेज के गेट पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने बिना पहचान पत्र के किसी को भी कॉलेज में नहीं घुसने दिया।
मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे आरंभ हो गया था। मतगणना के लिए एसडी कॉलेज में 14 मेज लगाई गई थी। इन पर तैनात कर्मचारियों को पूर्व सुनियोजित ढंग से ईवीएम दी गई जोकि उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के समक्ष खोली। प्रत्येक राउंड में तीन से चार मशीनें मंगवाई गई और उनका वार्ड स्तर पर परिणाम घोषित किया गया। इस दौरान अध्यक्ष पद और पार्षद के लिए मतों की मतगणना का कार्य साथ-साथ किया गया। मतगणना के बाद ही प्रत्याशियों को परिणाम की भी जानकारी दी गई ताकि किसी प्रकार का विरोधाभास न रहे।
कॉलेज मैदान में लगी आग
मतगणना के दौरान एसडी कॉलेज में एक तरफ बनाए डंपिंग जोन में रखे कूड़े के ढेर में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायरब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने चंद मिनटों पर ही आग पर काबू पा लिया।
दोबारा मतगणना की मांग
एसडी कॉलेज में मतगणना के दौरान एक-दो आजाद प्रत्याशियों ने दोबारा मतगणना की मांग की। लेकिन मौके पर मौजूद निर्वाचन अधिकारी ने इसकी अनुमति नहीं दी। उन्होंने बताया कि ईवीएम की सीलिंग से पहले ही इसकी जानकारी देनी होती है, लेकिन प्रत्याशियों ने काफी देर बाद उनसे संपर्क किया और तब तक वो मशीनों को सील करके संबंधित विभाग के सुपुर्द कर चुके थे। हालांकि इस मामले को लेकर अब कोर्ट में जाने की बात भी कही गई है।