अंबाला। छावनी बस अड्डा स्थित संस्थान प्रबंधक के कार्यालय में शनिवार को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चौकाने वाले तथ्य सामने आया। शिविर में जांच के दौरान सामने आया कि अधिकांश रोडवेज कर्मचारी बीपी और शुगर की समस्या से जुझ रहे हैं। सिविल सर्जन अंबाला द्वारा आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य रोडवेज कर्मचारियों और डिपो स्टाफ के स्वास्थ्य की देखभाल करना था।
शिविर में डॉ. अभिलाष ने करीब 60 रोडवेज कर्मचारियों और कार्यालय स्टाफ के स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान सभी कर्मचारियों का ब्लड प्रेशर, शुगर, खांसी, जुकाम और बुखार आदि का टेस्ट किया गया। डॉ. अभिलाष ने बताया कि जांच के दौरान सबसे ज्यादा कर्मचारी बीपी और शुगर से पीड़ित पाए गए। उन्हें मौके पर ही स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श और नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इस अवसर पर नर्सिंग स्टाफ सतविंद्र कौर, आशा वर्कर विष्णु, संस्थान प्रबंधक एवं मुख्य इंस्पेक्टर रमेश, अड्डा इंचार्ज बहादुर सिंह सहित रोडवेज के अनेक कर्मचारी व गणमान्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।