अंबाला। अंबाला में सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों का आंकड़ा कम ही नहीं हो रहा है। साल दर साल यह आंकाड़ा बढ़ता ही जा रहा है। इसकी अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2024 में 167 लोगों ने 12 महीनों में सड़क हादसों में अपनी जान गंवाई थी, जबकि इस साल नौ महीनों में ही मौतों का आंकड़ा बढ़कर 185 पर पहुंच गया।
सड़क दुर्घटनाओं में मौत के बढ़ते आंकड़े को देख सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में गंभीरता से लिया गया है। इस मामले में अब सभी एसडीएम और आरटीए सचिव को समिति ने चालान करने के निर्देश दिए हैं।
दोपहिया वाहन चालकों की मौत अधिक होने से लेना पड़ा निर्णय : सड़क सुरक्षा समिति की जिला स्तरीय बैठक में हर बार पुलिस को निर्देश दिए जाते हैं कि वह सड़क हादसों को रोकने के लिए अधिक से अधिक चालान करे और लोगों को जागरुक भी करें, मगर इतना करने पर भी मौतें घट नहीं रही हैं।
इस साल चालान की संख्या भी बढ़ी : पुलिस ने वर्ष 2024 में जनवरी से सितंबर तक 1982 बिना हेलमेट के वाहन चालान पर चालान किए थे। जबकि इस साल सितंबर तक 3128 लोगों के चालान इस श्रेणी में हुए है। जबकि तीन सवारियां बैठाने पर दोपहिया चालकों के वर्ष 2024 में 1274 चालान किए गए थे, इस वर्ष 1785 चालान किए गए हैं।
पिछले वर्ष से तुलनात्मक 9 महीनों के सड़क हादसे व मौतें : वर्ष 2024 में जनवरी से लेकर सितंबर तक राजमार्गों सहित विभिन्न सड़कों पर हादसों के आंकड़ों पर गौर करें तो 327 सड़क हादसे रिपोर्ट किए गए जिसमें 167 लोगों ने जान गंवाईं व 223 घायल हुए। जबकि इस वर्ष 300 सड़क हादसे हुए, 185 ने जान गंवाई और 173 लोग घायल हुए।