अंबाला। नगरपरिषद अंबाला सदर की वार्डबंदी की अंतिम अधिसूचना जारी होने के बाद अब एससी और बीसी वार्डों का आरक्षण किया जाएगा। निकाय विभाग के निर्देश पर पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है जोकि अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण करने में सहयोग देगी।
इसके लिए समिति की बैठक का आयोजन जिला नगर आयुक्त महोदय के निर्देशानुसार 23 दिसंबर को दोपहर 12 बजे अंबाला सिटी में नगर निगम के सभागार में होगा। बैठक की अध्यक्षता जिला नगर आयुक्त अंबाला और प्रतिनिधि निदेशक शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा पंचकूला करेंगे। इस संबंध में लिखित आदेश जारी करके संबंधित समिति के सदस्यों को जानकारी दी गई है।
आरक्षण समिति के सदस्य
अंबाला छावनी के न्यू जनकपुरी कॉलोनी वासी राजीव गुप्ता को समिति का सदस्य बनाया गया है। इसी प्रकार महेशनगर निवासी जसबीर सिंह, रंगिया मंडी कुलदीप नगर निवासी ललिता प्रसाद, कृष्णा नगर निवासी सुरेश कुमार और निर्मल कॉम्पलेक्स बब्याल निवासी ओंकार नाथ को सदस्य नियुक्त किया गया है। समिति की बैठक में नगरपरिषद अंबाला सदर के वार्ड आरक्षित करने के ड्रा भी निकाला जाएगा।
सदर नगर परिषद की आबादी 2.46 लाख
अंबाला सदर नगर परिषद में 32 वार्ड की कुल जनसंख्या दो लाख 46 हजार 61 है। वहीं मतदाताओं की संख्या एक लाख 75 हजार 321 है। इसमें एससी श्रेणी से संबंधित 67 हजार 581 मतदाता और बीसी श्रेणी से संबंधित 46 हजार 166 मतदाता हैं।
आपत्तियों का इंतजार
निकाय विभाग ने वार्डबंदी के बाद आपत्तियों को लेकर कार्रवाई आरंभ की है। इसे लेकर वार्ड स्तर पर मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। इन सूचियों को वार्ड स्तर पर उपलब्ध करवाया गया है ताकि अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति तो वो लिखित तौर पर इसकी जानकारी नप अधिकारी को दे सके। इसमें सिर्फ वार्ड को बदलने की शिकायत ही ली जाएगी। नाम व पते आदि से संबंधित अन्य किसी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं होगी।
ये है 32 वार्ड का सीमा क्षेत्र
नए 32 नंबर वार्ड की सीमा में कैपिटल चौक से प्रारंभ होकर उत्तर-पूर्व की तरफ आर्य गर्ल्स कालेज चौक तक, दक्षिण-पूर्व की ओर गुड़गुड़िया नाले तक, दक्षिण-पश्चिम की ओर जगाधरी रोड तक, दक्षिण-पश्चिम की तरफ क्राॅस रोड नंबर आठ तक, उत्तर-पश्चिम की तरफ पालिका की उत्तरी-पश्चिमी सीमा तक, उत्तर-पूर्व में एलेक्जेंड्रा रोड तक और दक्षिण-पूर्व में कैपिटल चौक तक, जोकि वार्ड का प्रारंभिक बिंदू भी है।
2019 में बना था नगर परिषद
17 मार्च 2010 को अंबाला सदर नगर परिषद को खत्म कर दिया था। तब सदर और सिटी नगर परिषदों को मिलाकर नगर निगम बनाया गया था। 26 जुलाई 2019 को अंबाला नगर निगम का पुनर्गठन किया और सदर जोन (क्षेत्र ) को उसमें से अलग कर दिया। 11 सितंबर 2019 को अंबाला सदर नगर परिषद को फिर से अलग कर दिया।