अंबाला में गृहमंत्री अनिल विज के आवास के बाहर रोमानिया से 23 वर्षीय युवक गुरविंदर का शव लेकर पहुंचे परिजनों ने अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे जाम कर दिया। पुलिस पर एजेंटों को न पकड़ने के आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर नारेबाजी की। करीब 15 मिनट तक अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे की एक लेन पूरी तरह से जाम रही।
गृहमंत्री ने लगाई एसपी कुरुक्षेत्र को फटकार
गृहमंत्री अनिल विज से मिलने पहुंचे परिजनों ने जब अपना दुखड़ा सुनाया तो उन्होंने मौके पर एसपी कुरुक्षेत्र को फटकार लगाई। साथ ही आदेश दिए कि जल्द से जल्द अन्य फरार एजेंटों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाए। गृहमंत्री अनिल विज ने पुलिस को जल्द आरोपियों की गिर तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद परिजन शव लेकर शाहाबाद बराड़ा रोड स्थित स्वर्ग आश्रम पहुंचे और अंतिम संस्कार किया। मंत्री के आदेश मिलने के बाद पुलिस एजेंटों की तलाश में जुट गई।
दो दिन से एडीजीपी दफ्तार के काटे चक्कर
इससे पहले गुरविंदर के परिजन दो दिन तक एडीजीपी दफ्तर के चक्कर लगाते रहे। दोनों ही दिन उन्हें अधिकारी नहीं मिले। इससे गुस्साए परिजनों ने बुधवार को नेशनल हाईवे जाम करते हुए इंसाफ की गुहार लगाई। इस दौरान करीब दो घंटे तक यह विरोध प्रदर्शन जारी रहा। परिजनों का आरोप है कि अगर एडीजीपी उन्हें मिल जाते और पुलिस की ओर से सहयोग मिलता तो उन्हें जाम नहीं लगाना पड़ता।