अंबाला। ड्यूूटी से छुट्टी कर घर जा रहे बाइक चालक से बेगोमाजरा गांव के पास कार में सवार चार युवकों ने पर्स व बैग छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
थाना सदर अंबाला पुलिस को दी शिकायत में राजेश सैनी ने बताया कि वह नई बस्ती नलवी जिला कुरुक्षेत्र का निवासी है। सोमवार की रात को वह ड्यूटी से छुट्टी कर बाइक पर घर जा रहा था। वह जलबेड़ा रोड स्थित बेगोमाजरा गांव पहुंचा तो पीछे से एक कार आई जिसमें से एक व्यक्ति ने उसे रुकने का इशारा किया और उसने बाइक रोक ली। कार चालक उससे अंबाला का रास्ता पूछने लगा और कार रोक ली। कार से चार लड़के बाहर आए। उनके हाथों में डंडे थे। उनमें से एक व्यक्ति ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया और दूसरे ने उसका बैग छीन लिया। पर्स मे 250 रुपये, एटीएम, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आरसी, वोटर कार्ड, डीएल था। इसके बाद आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। इस शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी।