अंबाला। गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज में महिला हिंसा और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का आयोजन गणित विभाग की प्राध्यापिका सुजाता गोयल ने किया। उन्होंने बताया कि इस रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों, विशेष रूप से घरेलू हिंसा, यौन शोषण और बाल विवाह जैसे मुद्दों पर जागरूक करना रहा।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम समाज में महिलाओं और पुरुषों के बीच समानता सुनिश्चित करें। रैली के दौरान छात्रों ने विभिन्न नारों और पोस्टरों के माध्यम से समाज को संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने रैली के सफल आयोजन के लिए सभी छात्रों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
वहीं, कॉलेज में आज की दुनिया में गीता की प्रासंगिकता पर निबंध लेखन प्रतियोगिता भी करवाई। इस अवसर पर हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रितु गुप्ता, मास कम्युनिकेशन विभाग की सहायक प्रोफेसर सुषमा शर्मा और संस्कृत विभाग की सहायक प्रोफेसर प्रियंका बालदिया भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन गीता पढ़ने के लिए प्रेरित किया और इसके महत्व पर अपने विचार साझा किए। इसके अलावा कॉलेज में फिट इंडिया सप्ताह के पांचवें दिन पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डॉ. नेहा अग्रवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय अनुदान आयोग निर्देशों के तहत आयोजित किया गया।