संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 10 अप्रैल से पहले 90 प्रतिशत ट्रेनों का संचालन पूरा करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने बताया कि रेलवे ने नई दिल्ली-श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा उत्तर संपर्क क्रांति दैनिक, चंडीगढ़-रामनगर साप्ताहिक स्पेशल और दरभंगा-अमृतसर-दरभंगा के बीच सप्ताह के 3 दिन संचालित होने वाली जननायक एक्सप्रेस ट्रेन को लेकर आदेश जारी किए हैं।
ट्रेन नंबर 02445 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा 31 मार्च से रोजाना चलेगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन रात 8.05 बजे रवाना होकर रात 11.30 बजे अंबाला छावनी और अगली सुबह 8.05 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 02446 का संचालन 1 अप्रैल से होगा। ट्रेन कटड़ा से शाम 7.55 बजे रवाना होकर तड़के 4 बजे अंबाला छावनी और सुबह 6.55 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
चंडीगढ़-रामनगर के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 02527 रामनगर स्टेशन से सोमवार सुबह 5.35 बजे रवाना होकर दोपहर 12.25 बजे अंबाला छावनी और दोपहर 1.20 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 02528 चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से सोमवार शाम लगभग 4.05 बजे रवाना होकर शाम 4.46 बजे अंबाला छावनी और रात 11.35 बजे रामनगर स्टेशन पहुंचेगी
ट्रेन नंबर 05211 दरभंगा-अमृतसर स्पेशल सप्ताह में 3 दिन चलेगी। ट्रेन का संचालन 1 अप्रैल से 28 जून तक प्रत्येक सोमवार, वीरवार व शनिवार किया जाएगा। वापसी में ट्रेन नंबर 05212 अमृतसर-दरभंगा 3 अप्रैल से 30 जून तक प्रत्येक बुधवार, शनिवार व सोमवार को संचालित होगी।
दरभंगा से चलने वाली ट्रेन शाम 5.20 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8.50 पर अंबाला छावनी व रात 1.45 बजे अमृतसर पहुंचेगी। अमृतसर से ट्रेन शाम 7.55 बजे रवाना होकर रात 11.50 पर अंबाला छावनी और दूसरे दिन तड़के 2.55 बजे दरभंगा पहुुंचेगी।