अंबाला। रेलवे परिसर से रेलकर्मी की बाइक चोरी करके ले जा रहे दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। पहले उनकी धुनाई की, फिर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। आरोपियों की पहचान खटीक मंडी निवासी 23 वर्षीय सानू उर्फ चेला रमानी और वाल्मीकि मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय प्रथम उर्फ शुभम गोड़ा के तौर पर हुई।
दोनों के खिलाफ जीआरपी थाने में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। रेलवे में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत रेलवे कॉलोनी वासी प्रिंस ने बताया कि 9 दिसंबर की सुबह वह ड्यूटी पर आया था और इस दौरान उसने अपनी बुलेट बाइक को यूआरमयू कार्यालय के पास खड़ा किया था। कुछ देर बाद जब वो वापिस आया तो देखा कि दो लड़के उसकी बाइक को लेकर जा रहे हैं तो पीछा करने के बाद शोर मचाने पर दोनों को अन्य साथियों की मदद से मौके पर ही पकड़ लिया।
पांच मिनट में काट देता था कबाड़ी
प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि पकड़े दोनों युवक नशेड़ी हैं। उनके परिजनों को भी जीआरपी थाने बुलाया था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने पहले ही दोनों को बेदखल किया है। दोनों एक नंबर के नशेड़ी हैं। पूछताछ के दौरान सानू और शुभम ने बताया कि कुछ समय पहले भी उन्होंने एक बाइक चोरी की थी और इसे टांगरी बंधे के पास रोमी नाम के व्यक्ति को पांच हजार में बेच दिया था जोकि पांच से सात मिनट में ही मशीन की मदद से बाइक को काट-छांटकर अलग कर देता है।
वर्जन
दो युवकों को रेलवे कर्मी ने मौके पर पकड़ा था। दोनों रेलकर्मी की बाइक चोरी करके ले जा रहे थे। पकड़े गए दोनों युवक नशे के आदि हैं। उनके परिजनों से भी बात की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों को घर से बेदखल किया हुआ है। दोनों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।
धर्मवीर सिंह, प्रभारी जीआरपी।