बस अड्डा परिसर में हुए पारस हत्याकांड प्रकरण में मंगलवार को परिजनों ने जमकर बवाल काटा। आरोपियों की 24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने और एसएचओ को सस्पेंड करने की मांग को लेकर गुस्साए परिजनों ने पारस के शव को सड़क पर रखकर तीन घंटे नेशनल हाईवे जामकर रोष जाहिर किया। काफी हंगामे के बाद डीएसपी हेडक्वार्टर सुल्तान सिंह ने परिजनों को बताया कि मामले में एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
बता दें कि बीबीपुर निवासी 21 वर्षीय पारस की सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे शहजादपुर बस अड्डे परिसर में डंडे और बिंडों से लैस 10 युवकों ने पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नारायणगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। मंगलवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद गुस्साए परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दोपहर करीब एक बजे नारायणगढ़-अंबाला नेशनल हाईवे के बीच बैठ गए और शहजादपुर टी-प्वाइंट पर जाम लगा दिया। आधे घंटे जाम के बाद परिजन शव को भी यहीं ले आए। इस तरह करीब दो घंटे दोपहर तीन बजे तक इस हाईवे को जाम रखा। इसके बाद भी जब बात की सुनवाई नहीं हुई तो गुस्साए परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 344 पर शव को रखकर एक घंटा यहां भी जाम रखा।
एसपी को बुलाने की मांग नहीं हुई पूरी
गुस्साए परिजन एसएचओ शहजादपुर को सस्पेंड करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े थे। इस दौरान उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों को पहले तो डीएसपी नारायणगढ़ अनिल कुमार ने समझाने का प्रयास किया। इसके बाद स्थिति की नजाकत को देखते हुए एसडीएम डॉ. वैशाली मौके पर पहुंची लेकिन वह भी उन्हें समझाने में नाकाम रहीं। परिजनों की मांग थी कि एसपी अंबाला को मौके पर बुलाया जाए और एसएचओ को सस्पेंड किया जाए। डीएसपी नारायणगढ़ ने परिजनों को इस बारे में हर प्रकार की कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अडिग रहे। इसके बाद डीएसपी मदनलाल भी मौके पर पहुंचे लेकिन परिजन नहीं माने। दो घंटे की जद्दोजहद के बाद परिजनों और लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 344 पंचकूला-यमुनानगर को एक घंटा जाम किया तो मौके पर पहुंचे डीएसपी हेडक्वार्टर सुल्तान सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिलवाया की पुलिस प्रशासन पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ है। उन्होंने कई टीमें गठित की हैं। जो जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगी। साथ ही यह भी कहा कि हमने एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही परिजनों को आश्वासन भी दिया कि इस मामले में 120बी की धारा भी जोड़ी जाएगी। इसके बाद शाम करीब चार बजे परिजनों ने शव को उठाया।
आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो आज 10 बजे फिर करेंगे प्रदर्शन
परिजनों ने पुलिस को बुधवार 10 बजे तक का समय दिया है कि आरोपियों को शीघ्र अतिशीघ्र गिरफ्तार किया जाए नहीं तो वह फूलों की रस्म के दौरान दोबारा फिर जाम लगाएंगे। इस तरह बवाल के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे पारस के शव का गमगीन माहौल में संस्कार किया गया।
आधे घंटे बाद पहुंचे थे एसएचओ
परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि एसएचओ को समय रहते बस अड्डे पर सवारियों ने सूचना दे दी थी लेकिन सूचना मिलने के आधे घंटे बाद वह मौके पर पहुंचे। यदि समय रहते वह पहुंच जाते तो वारदात टाली जा सकती थी। इसीलिए उन्हें सस्पेंड करने की मांग परिजनों ने रखी थी।
परिजनों की मांग पर हमने एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर लिया गया है। जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।
- सुल्तान सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर।