बराड़ा। शराब लेकर जा रहे कार सवार कारिंदों ने रविवार को पीछा करने के शक में बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उपचार के लिए उन्हें मुलाना मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने आरोपी की कार को कब्जे में लेते हुए विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार से शराब की अवैध 57 पेटी बरामद की हैं।
योगी बस्ती बराड़ा निवासी नीटू पुत्र पाला राम ने बताया कि उनका परिवार कृष्णा पैलेस बराड़ा के पास सत्संग में गया था। गत देर रात्रि वे वहां से ट्रैक्टर में वापस लौट रहे थे। उसका बेटा राहुल उर्फ प्रिंस, भतीजा मोहित व मयंक बाइक पर आ रहे थे। मोहित बाइक चला रहा था। शिकायत में बताया कि अधोया चौक की तरफ से पुल पर एक कार खड़ी थी, जिसमें शराब की अवैध पेटियां थी। उसके बेटे प्रिंस ने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया। इसकी भनक कार चालक दोनों युवकों को लग गई। जब मोहित, प्रिंस और मयंक क्वालिटी चौक की तरफ उतरने लगे तो पीछे से उक्त गाड़ी चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रिंस की एक टांग टूट गई जबकि मोहित के सिर और बाजू में गंभीर चोटें आई हैं। इतना ही नहीं, मयंक को पैर और बाजू पर चोटें लगी हैं।
टक्कर मारते ही फटा टायर, कार छोड़कर हुए फरार
बताया जाता है कि हमलावरों ने जैसे ही कार से बाइक को टक्कर मारी तो कार का एक टायर फट गया। आरोपी कार चालक व उसका साथी कार मौके पर छोड़ फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से एक अंग्रेजी समेत 57 पेटी शराब की बरामद की हैं। बराड़ा थाना पुलिस से जांच अधिकारी एसआई नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी गांव डुलियाणा निवासी विक्रांत राणा पुत्र जय वीर के खिलाफ केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।