अंबाला सिटी। नवरात्र के पावन अवसर पर सिटी मां अंबिका देवी माता मंदिर, मां दुख भंजनी मंदिर, मां वैष्णो माता मंदिर, श्री महादेव नीलकंठ मंदिर सेक्टर सात, श्री महादेव मंदिर एवं सत्संग भवन सेक्टर नौ आदि मंदिरों में भक्तों की आवाजाही देखने को मिल रही है। इस मौके पर श्री महादेव मंदिर एवं सत्संग भवन के प्रधान भारत भूषण अग्रवाल ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन मां की महिमा का गुणगान हो रहा है।
मां की महिमा का गुणगान कर्ण एंड पार्टी की ओर से किया जा रहा है जोकि शाम करीब साढ़े चार से छह बजे तक चल रहा है। मां की महिमा का गुणगान करने रोजाना भारी संख्या में भक्तजन पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी आचार्य दिनेश शास्त्री व विशाल शास्त्री ने बताया कि प्रतिदिन सुबह भक्तों के लिए मंदिर में विशेष तौर पर पूजा-अर्चना करवाई जा रही है, जिसमें भारी संख्या में भक्त भाग लेकर विधि पूर्वक पूजा कर रहे हैं।
इस मौके पर मंदिर के प्रधान भारत भूषण अग्रवाल, उप प्रधान गुलशन कुमार धमीजा, सेक्टरी पवन गोयल, उप महासचिव पवन जलोटा, कार्यकारिणी प्रधान विपिन सूरी, सदस्य बलवीर, अनिल कुमार, कुलदीप शर्मा, एमएल टांगरी, अशोक शर्मा आदि अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इसी प्रकार सेक्टर दस स्थित मां वैष्णो माता मंदिर में भी भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। मां वैष्णो दरबार की तर्ज पर मंदिर को सजाया गया है। मंदिर परिसर में मां वैष्णो माता की गुफा बनाई गई है। जिसके बीच से श्रद्धालु श्रद्धा पूर्वक निकलकर अपनी मनोकामनाएं संपूर्ण कर रहे हैं। दूरदराज से भक्त मंदिर परिसर में पहुंचकर मां वैष्णो माता के दर्शन कर रहे हैं। वहीं मां अंबिका देवी माता मंदिर के पुजारी राजू शर्मा ने बताया कि शहर भर से भक्त सुबह शाम मंदिर पहुंच रहे हैं। मां अंबिका देवी के दर्शन कर रहे हैं। सुबह भक्तों की भीड़ लंबी कतारों में दिखाई दे रही है। मंदिर में शहर के अलावा दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोग मंदिर पहुंच रहे हैं नवरात्र के पावन अवसर पर माता को सुंदर वस्त्रों से प्रतिदिन सजाया जा रहा है जो मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
इसी प्रकार मां दुख भंजनी मंदिर में भी श्रद्धालु महामाई का गुणगान करने के लिए पहुंच रहे हैं। वही मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रहती है। भक्त शाम छह बजे विशेष तौर पर माता जी की आरती में भाग लेकर मां महामाई का गुणगान कर रहे हैं।
अंबाला सिटी के सेक्टर नौ स्थित श्री महादेव मंदिर एवं सत्संग भवन में भजन कीर्तन करते भक्तजन।- फोटो : Ambala
अंबाला सिटी के सेक्टर नौ स्थित श्री महादेव मंदिर एवं सत्संग भवन में आयोजित कीर्तन में झूमते भक्त?- फोटो : Ambala