अंबाला। 72 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अटल कैंसर टर्सरी केयर सेंटर की सौगात आज जिले वासियों को मिल जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इसका उद्घाटन करेंगे। उनके साथ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और सांसद रतनलाल कटारिया भी विशेष रूप से पहुंच रहे हैं। नड्डा के स्वागत के लिए गृह मंत्री अनिल विज की अगुवाई में छावनी को भगवा रंग में रंगा गया है। गृह मंत्री की कोठी से लेकर रेलवे स्टेशन और फिर स्टेशन से छावनी अस्पताल तक हर क्षेत्र को भाजपा के झंडों और स्वागत द्वार से सजाया गया है।
अस्पताल में विशेष रूप से दो पंडाल लगाए गए हैं। एक अस्पताल परिसर के अंदर है तो दूसरा बाहर नेशनल हाईवे पर लगाया गया है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्यक्रम सभी लोग देख सके इसके लिए पंडाल के पास व दूर-दूर तक एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। सभी ग्रिल को पेंट करने के साथ नेशनल हाईवे की अच्छे से सफाई करवाई गई है।
रविवार को उद्घाटन समारोह की तैयारियों और प्रबंधों का जायजा गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने लिया। इस मौके पर उपायुक्त विक्रम सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विज ने निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई स्टेज, प्रेस गैलरी, लोगों के बैठने से संबंधित जगह, वाहनों की पार्किंग का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त विक्रम सिंह ने भी अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर एक प्रकार से रिहर्सल करके देखी।
10.40 पर होगा उद्घाटन
ट्रेन सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां नड्डा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बाइक रैली निकालते हुए उन्हें छावनी अस्पताल लाया जाएगा। कार्यक्रम में करीब दो हजार बाइक शामिल होंगी। आगे आगे बाइक चलेगी और फिर जेपी नड्डा की गाड़ी होगी। वहीं उनके स्वागत के लिए विशेष रूप से हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश करने की भी तैयारी की गई है। करीब 10.40 मिनट पर रैली छावनी के अस्पताल पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद पहले रिबन काटकर उद्घाटन किया जाएगा और फिर आगे का कार्यक्रम होगा।
इस रास्ते से करें आवागमन तो नहीं होगी परेशानी
पुलिस अधीक्षक जश्नदीप सिंह रंधावा ने कहा कि नागरिकों के वाहनों को सुचारु रूप से चलाने के लिए सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक रूट परिवर्तित किए गए हैं। इसके तहत छावनी बस स्टैंड से महेशनगर व साहा की ओर जाने वाले भारी वाहन नेशनल हाईवे नंबर-44 से होते हुए मोहड़ा नेशनल हाईवे नंबर-444-ए पर जाकर गांव दीनारपुर से होते हुए साहा जा सकते हैं। वहीं हल्के (मध्यम) वाहन स्वास्तिक चौक से फुटबाल चौक और मेन बाजार से होते हुए सुभाष पार्क, लालबत्ती कट से होकर महेशनगर जा सकते हैं। इसके साथ-साथ हल्के (मध्यम) वाहन सैनिक विश्राम गृह, स्टाफ रोड, जनता स्वीट्स से राय मार्केट और मेन बाजार से होते हुए सुभाष पार्क लालबत्ती कट से होकर भी महेशनगर जा सकते हैं। साहा से छावनी बस स्टैंड की ओर आने वाले भारी वाहन साहा से नेशनल हाईवे नंबर-444-ए दीनारपुर से होते हुए मोहड़ा और मोहड़ा से नेशनल हाईवे नंबर-44 से होकर छावनी बस स्टैंड पर आ सकते हैं। हल्के (मध्यम) वाहन एसडी कॉलेज छावनी के पास लगी रेड लाइट से टर्न करके सुभाष पार्क से होकर 12 क्रॉस रोड से होते हुए सेवा समिति चौक छावनी से डीलक्स ढाबा के पास से होकर बस स्टैंड जा सकते हैं।
दुकानें बंद रखने वाली बात पर किया विरोध
नगर परिषद की ओर से बाजार बंद रखने की करवाई जा रही मुनादी का आम आदमी पार्टी की नेत्री चित्रा सरवारा ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि मंत्री उद्घाटन के लिए आ रहे हैं, परंतु यह गलत है कि बाजार बंद करवाए जाएं। सभी की अपनी मर्जी है कि वह अपनी दुकानें खोल कर रखें या बंद करके रखें। कहा जा रहा है कि उनके विरोध के बाद प्रशासन की ओर से यह आदेश वापस ले लिए हैं।