अंबाला। लोकसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ शालीन ने लोकसभा चुनाव की 4 जून को होने वाली मतगणना की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्हें चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों, हिदायतों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 29 मई को प्रात: 9 बजे मुरलीधर डीएवी स्कूल अंबाला शहर में मतगणना की ट्रेनिंग दी जाएगी।
इसमें एआरओ, काउंटिंग सुपरवाइजर, असिस्टेंट तथा माइक्रो ऑब्जर्वर के अलावा उम्मीदवारों के कांउटिंग एजेंट को भी बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि ट्रेंनिंग स्थल पर येलो स्टीकर लगी 10 सीयू (कंट्रोल यूनिट) से मतगणना की ट्रेनिंग करवाई जाएगी। मतगणना के लिए अंबाला जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों अंबाला शहर, अंबाला छावनी, नारायणगढ तथा मुलाना के लिए काउंटिंग सुपरवाईजर, असिस्टेंट तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की डयूटी रहेगी। उनकी पहली रेडामाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है।
प्रत्येक राउंड की माइक से एआरओ देंगे जानकारी
बैठक में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपायुक्त डॉॅ. शालीन ने कहा कि मतगणना के लिए 14 प्लस 1 काउंटिंग टेबल लगाई जाएंगी तथा एआरओ द्वारा प्रत्येक राउंड के पूरा होने के बाद माइक के माध्यम से इस बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी एआरओ, एईआरओ प्रतिदिन स्ट्रॉग रूम का दौरा करें और वहां पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लें। मतगणना केंद्र में मोबाइल ले जाने पर पांबदी रहेगी तथा काउंटिंग हॉल और बाहर गार्ड रूम के पास एलईडी के माध्यम से भी काउंटिंग के बारे में जानकारी दिखाई जाने का प्रावधान होगा। सुरक्षा की दृष्टि से मतगणना केंद्र सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं।
पोस्टल बैलेट की गणना एसडी कॉलेज में
ईटीबीपीएस तथा पोस्टल बैलेट की काउंटिंग का कार्य एसडी कॉलेज अंबाला छावनी में किया जाएगा। इसके लिए पांच एआरओ की अलग से डयूटी लगाई गई हैं। प्रत्येक मतगणना केंद्रों पर मीडिया रूम की भी व्यवस्था रहेगी और चुनाव आयोग द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों को जारी किए गए पास दिखाने पर ही उनका प्रवेश होगा। एआरओ को भी निर्देश दिए कि मतगणना परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय आदि की बेहतर व्यवस्था रखी जाए।
नक्शे के हिसाब से लगाएं जाली
डीसी ने पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन को निर्देश दिए कि मतगणना केंद्र के अन्दर नक्शे के हिसाब से जाली आदि लगवाई जाए। 30 मई तक मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली जाए। काउंटिंग एजेंट के भी आईडी कार्ड जारी होंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को जानकारी दे दी गई है।
ईटीबीपीएस व पोस्टल बैलेट के लिए यह तैयारी
ईटीबीपीएस वोट 4 जून को प्रात: 7 बजकर 59 मिनट तक रिसीव होंगे उनकी स्कैनिंग करके काउंटिंग की जाएगी। उन्होंने पोस्टल बैलेट की मतगणना के लिए पांच टेबलों पर लगाए गए पांच एआरओ को कहा कि वे भी पोस्टल बैलेट की मतगणना के कार्यों से संबंधित ट्रेनिंग कर तैयारी कर लें, जिससे कि उन्हें वैलिड और इनवेलिड वोटो के बारे में जानकारी मिल सके।