अंबाला शहर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक असीम गोयल को धमकी भरा पत्र मिलने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शनिवार को यह पत्र गोयल के निवास स्थान पर डाक के जरिए पहुंचा था। जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस और जांच एजेंसियों ने पत्र की जांच पड़ताल शुरू कर दी है कि आखिर पत्र कब और कैसे आया और किसके द्वारा यह भेजा गया। डीएसपी अंबाला रमेश कुमार ने बताया कि विधायक असीम गोयल को डाक से धमकी भरा पत्र मिलने की शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है।
बलदेव नगर थाना प्रभारी गौरव ने बताया कि पुलिस ने विधायक असीम गोयल के निजी सचिव सौरभ गुप्ता की शिकायत पर आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पत्र में कहा गया है कि इस्लाम को खतरे में डालकर तुम लोगों ने मुस्लिमों को गुलाम बनाने का प्रयत्न किया। हमारे सारे कानून समाप्त कर दिए। अब हम सारे जेहादी इकट्ठे होकर तेरा काम तमाम करेंगे। हम सबसे पहले असीम गोयल तुझे निशाना बनाकर दुनिया में मिसाल कायम करेंगे। पत्र में 28 अप्रैल की तिथि का भी जिक्र किया गया है।
एसपी अंबाला ने सभी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को किया अलर्ट
अंबाला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जशनदीप सिंह रंधावा ने 17 अप्रैल को अपने पत्र में सभी एसएचओ, सुरक्षा एजेंसियों, एएसपी, रेलवे एसपी, सभी डीएसपी, सीआईए को कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी निवारक और एहतियाती उपाय करने के लिए सतर्क किया।
अंबाला रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने के मिल चुके हैं पत्र
सैन्य क्षेत्र व एयरफोर्स स्टेशन होने के कारण पहले ही अंबाला संवेदशील एरिया में आता है, इसलिए कई बार रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के अलावा धार्मिक स्थानों को उड़ाने के लिए धमकी भरे पत्र मिल चुके हैं।