अंबाला। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने जिला में मोटा ब्याज खाने व लोगों को कर्ज देकर जमीन-गहने आदि हड़पने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक की ओर से इस प्रकार का कार्य करने वाले लोगों को चेतावनी देकर आगाह किया गया है कि या तो सूदखोरी का कार्य छोड दें या जिला अंबाला छोड दें। एसपी ने सभी प्रबंधक थाना को सूदखोरी का कार्य करने वाले लोगों की पहचान करके उनको सलाखों के पीछे पहुंचाने का कार्य करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा काम करने वालों के संबंध में स्थानीय लोग भी डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम पर जानकारी दे सकते हैं।
आपदा में बहादुरी दिखाने वाले और राष्ट्रीय ध्वज को आग से बचाने वाले पुलिस अधिकारी सम्मानित
अंबाला। थाना महेशनगर निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ढिल्लों को आपदा के समय लोगों की मदद करने के लिए एसपी अजीत सिंह शेखावत ने सम्मानित किया है। ढिल्लों ने अपने क्षेत्र में टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ने पर अपनी जान जोखिम में डालकर अपनी टीम के साथ पानी में डूबे घरों से लोगों को बचाया, इनमें बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। लोगों को प्रबंधक थाने की ओर से हर प्रकार की राहत सामग्री खाना, पानी व वस्त्र उपलब्ध करवाए। जितेन्द्र सिंह ढिल्लों को प्रसंशा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार थाना नग्गल में तैनात सहायक उप निरीक्षक विक्रम सिंह ने गांव डडियान व लोहगढ़ के बीच तेज पानी के बहाव में ट्रक पलट जाने के कारण पानी में फंसे हुए ट्रक ड्राइवर को अपनी जान पर खेलकर बचाया। उन्हें भी प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया । वहीं बलदेव नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार ने हाल ही में विशाल मेगा मार्ट में आग लगने पर छत पर लगे राष्ट्रीय ध्वज को 10 फुट की दीवार कूदकर सुरक्षित निकाला। उन्हें भी प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया।