अंबाला। सेविंग खाता न खोलने का खामियाजा पंजाब नेशनल बैंक की एक अधिकारी को भुगतना पड़ गया। मामला संज्ञान में आने के बाद उच्चाधिकारियों ने महिला अधिकारी को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। निलंबन की सूचना मिलते ही बैंक के अन्य कर्मचारी बिफर गए। उन्होंने इस अनुचित कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन शुरु कर दिया। ये प्रदर्शन कबाड़ी बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर किया गया। इसमें अंबाला कैंट के लगभग 30 से अधिक बैंकों के कर्मचारी शामिल हुए और सभी ने काम छोड़कर इसमें हिस्सा लिया। इस दौरान आमजन को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैक ऑफिसर एसोसिएशन (कुरुक्षेत्र जोन) के अध्यक्ष विकास मल्होत्रा ने बताया कि रजनी बाला ने 14 मार्च तक सेविंग खाता नहीं खोला तो सर्कल हैड ने बिना उससे जानकारी लिए उसे निलंबित कर दिया। इसके विरोध में वीरवार को अंबाला जिले की 10 अन्य शाखाओं में भी सेविंग खाते नहीं खुले। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामले में पहली जवाबदेही बैंक के मुख्य प्रबंधक की होती है जबकि सर्कल हेड ने मुख्य प्रबंधक पर कार्रवाई नहीं की। एसोसिएशन ने मांग करते हुए कहा कि अगर रजनी बाला को तत्काल प्रभाव से बहाल नहीं किया गया तो रोष प्रदर्शन प्रदेशभर में किया जाएगा।
-