नागरिक अस्पताल में जांच के लिए इंतजार करते मरीज । संवाद
शहर के नागरिक अस्पताल के गैर-संचारी रोग ब्लॉक में सिर्फ दो मेडिकल छात्र ही कर रहे मरीजों की जांच
ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बुनियादी जांच कराने पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी । नागरिक अस्पताल के गैर-संचारी रोग (एनसीडी) ब्लॉक में बुधवार को स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था का बड़ा मामला उजागर हुआ। ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी बुनियादी जांच कराने पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण बुजुर्ग मरीजों को परेशानी हो रही है। करीब 30 से 35 बुजुर्ग मरीज बुधवार को कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
छात्रों के भरोसे एनसीडी ब्लॉक
हैरानी की बात यह रही कि पूरे ब्लॉक में सिर्फ दो मेडिकल छात्र ही मरीजों की जांच संभाले हुए थे। नारायणगढ़ के अली हिदायत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे डेढ़ घंटे से कतार में हैं, लेकिन केवल दो छात्रों के भरोसे व्यवस्था छोड़ दिए जाने से काम बेहद धीमा चल रहा है।
मरीजों ने बयां किया दर्द
तेपला निवासी 65 वर्षीय प्रवीला ने बताया कि तेज बुखार के बावजूद उन्हें डेढ़ घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ा। वहीं, नसीरपुर की परमजीत ने अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बुनियादी जांच के लिए बुजुर्गों की यह दुर्दशा स्वास्थ्य विभाग के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।