छुट्टी के बाद स्कूल के बाहर दो भाइयों पर कुछ युवकों ने लाठी और डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए। उन्हें शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राजकीय स्कूल सौंडा के 9वीं कक्षा के छात्र दो भाइयों की अपने सहपाठियों के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। सहपाठियों ने दोनों भाइयों को बाहर देख लेने की धमकी दी। वह छुट्टी के बाद स्कूल से बाहर निकले तो कुछ युवक लाठी व डंडों सहित खड़े थे। दोनों भाइयों के स्कूल के गेट से बाहर निकलते ही कक्षा के सहपाठियों समेत बाहर से आए युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
दोनों भाइयों ने बचने के लिए स्कूल में जाने का प्रयास किया, लेकिन उससे पहले ही अन्य युवकों ने उन्हें बाहर खींच लिया और फिर से हमला कर दिया। युवकों ने एक भाई के सिर से खून निकलता देखा तो वह मौके से फरार हो गए। इसके बाद आनन-फानन में दोनों भाइयों को शहर के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। दूसरी ओर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की।