संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। पंजाब के व्यस्त रेल खंड अमृतसर-जालंधर सिटी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे ने जालंधर सिटी यार्ड में पुल संख्या 28 के पुराने गार्डरों को हटाकर नए स्लैब डालने का निर्णय लिया है। इसलिए रेलवे द्वारा ट्रैफिक और ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा। यह काम 28 से 31 जनवरी के बीच चलेगा, इस कारण अमृतसर-दिल्ली इंटरसिटी सहित कई प्रमुख ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि दर्जनों ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।
उत्तर रेलवे के अनुसार, पुल के नवीनीकरण का कार्य दो बड़े ब्लॉकों में किया जाएगा। पहला ब्लॉक डाउन लाइन पर 28 और 29 जनवरी को रात 9:30 बजे से अगले दिन सुबह 9:30 बजे तक लिया जाएगा। दूसरा ब्लॉक अप लाइन पर 30 और 31 जनवरी को रात 10:30 बजे से सुबह 10:30 बजे तक लिया जाएगा।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द : ब्लॉक के चलते ट्रेन नंबर 14680 (अमृतसर-दिल्ली) और 14679 (दिल्ली-अमृतसर) इंटरसिटी एक्सप्रेस 29 और 31 जनवरी को रद्द रहेगी। इसके अलावा 31 जनवरी को अमृतसर-हरिद्वार एक्सप्रेस (12054/53) और जालंधर-फिरोजपुर पैसेंजर भी नहीं चलेंगी।