संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के कच्चा बाजार में मूल मंत्र वेलफेयर सोसाइटी की ओर से प्रथम श्री श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। एक शाम खाटूवाले के नाम इस समागम में श्याम प्रेमियों ने हाजिरी भरी और बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाया।
इस दौरान बाबा का सुदंर दरबार सजाया गया। बाबा के दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद लिया। संकीर्तन की शुरुआत ज्योत प्रज्ज्वलन के साथ हुई। ग्वालियर से आए भजन गायक मनोज शर्मा ने अपनी वाणी से बाबा का गुणगान किया। उनके साथ अंबाला के स्थानीय कलाकारों जगत प्रकाश और बेबी हनी ने भी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को भाव-विभोर कर दिया।
मंच का संचालन राजेश शर्मा की ओर से किया गया। सुशील चौहान के म्यूजिक बैंड और इंटरनेशनल शोएब की संगीत लहरियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा श्री श्याम रसोई का प्रबंध किया गया था, जहां रात्रि साढे़ आठ बजे से प्रभु इच्छा तक श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रही।