हरियाणा राज्य की सभी राजकीय एवं प्राइवेट आईटीआई में अब दाखिले का अंतिम अवसर 28 से 30 नवंबर तक ऑन स्पॉट काउंसलिंग में उपलब्ध होगा। इस काउंसलिंग में सभी नए एवं पुराने आवेदकों की मेरिट तैयार की जाएगी। इस दौरान खास बात यह रहेगी कि काउंसलिंग में किसी प्रकार का आरक्षण लागू नहीं होगा। काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद चयनित छात्र से ऑफलाइन फीस प्राप्त की जाएगी। इसमें महिला अभ्यर्थियों से 545 रुपये तथा पुरुष आवेदकों से 590 रुपये फीस ली जाएगी।
आईटीआई में दाखिले के लिए पांचवें चरण की प्रक्रिया फिलहाल चल रही है। पांचवीं मेरिट सूची भी जारी हो चुकी है। इसके तहत दस्तावेज जांच और फीस जमा करवाने की प्रक्रिया जारी है। इसमें राजकीय आईटीआई अंबाला शहर की 28 ट्रेड्स में 140 सीटों के लिए अभ्यर्थियों की सूची जारी हुई। राजकीय आईटीआई अंबाला शहर के प्रधानाचार्य भूपिंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि जैसे ही मेरिट सूची जारी हुई, तुरंत मेरिट सूची को संबंधित ट्रेड के अनुदेशकों एवं वर्ग अनुदेशकों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दिया गया है तथा उसके उपरांत सभी संबंधित वर्ग अनुदेशकों एवं अनुदेशकों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों से उनके मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करके उन्हें दाखिले से संबंधित सूचना जारी कर दी गई है। इस बात के प्रयास किए जा रहे हैं कि पांचवें चरण की सूची में चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र एवं दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। इसके बाद जो अभ्यर्थी शेष रह जाएंगे उन्हें पुन: मोबाइल के माध्यम से संपर्क किया जाएगा ताकि सभी सीटों पर दाखिला प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।
----------------------