रुहानी सत्संग में स्वामी ज्ञाननाथ को भेंट देते लोग। संस्था
अंबाला। गांव गोलपुरा स्थित सिद्ध बाबा जी महाराज के प्रांगण में ग्रामीणों के सहयोग से यज्ञ एवं रूहानी सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच रामपाल सिंह ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर और वैदिक मंत्रोचार के साथ हवन में आहुतियां डालकर किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि के लिए सामूहिक अरदास की। सत्संग में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे निराकारी जागृति मिशन के चेयरमैन व महामंडलेश्वर एडवोकेट सतगुरु स्वामी ज्ञान नाथ जी महाराज ने श्रद्धालुओं को निहाल किया।
उन्होंने कहा कि यज्ञ भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है, जिससे नकारात्मक ऊर्जा का नाश और सकारात्मकता का संचार होता है। सिद्ध बाबा को न्याय का देवता बताते हुए उन्होंने कहा कि कर्ताभाव और अहंकार भक्ति मार्ग की सबसे बड़ी रुकावट हैं। बंधन और मुक्ति केवल हमारी सोच का परिणाम हैं। इस अवसर पर महात्मा जगमाल सिंह, पवन, सुशील, प्रवीन, रेखा और सुरेंद्र कौर सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अंत में सरपंच व ग्रामीणों ने स्वामी जी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और अटूट भंडारा प्रसाद बरताया। संवाद