अंबाला। छावनी के माल रोड पर सैर सपाटा करने वाले अब दोबारा से कैंटोनमेंट बोर्ड की साइकिलिंग सुविधा का लाभ उठाते दिखेंगे। कोरोना के चलते बंद की गई इस सुविधा को एक बार फिर अधिकारियों ने शुरू कर दिया है। वीरवार को बाकायदा कैंटोनमेंट बोर्ड के सीईओ विनीत बी लौटे ने इसकी शुरूआत की। सीईओ खुद साइकिल पर सवार होकर माल रोड पर निकले। उनके साथ अधिकारी व मनोनीत सदस्य कैंटोनमेंट बोर्ड अजय बवेजा आदि शामिल रहे।
बता दें कि लगभग दो साल बाद फिर से यह सुविधा मिलने से लोगों में खुशी की लहर है। लंबे समय से यह साइकिलें निर्धारित स्टैंड में धूल फांक रही थी। कई बार सैर सपाटा करने वाले लोग भी कैंटोनमेंट बोर्ड के आला अधिकारियों के समक्ष गुहार लगा चुके थे। इसके बावजूद कोई समाधान नहीं हो रहा था। अब कोरोना के कम हुए प्रकोप को देखते हुए कैंटोनमेंट बोर्ड ने यह निर्णय लिया है।
2018 में शुरू हुई थी योजना
जनता को सेहत मंद रखने के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड की साइकिलिंग की योजना वर्ष 2018 में आरंभ हुई थी। सेना क्षेत्र में साइकिलिंग के लिए माल रोड सहित तोपखाना में स्टैंड बनाए गए थे। प्रत्येक स्टैंड पर बोर्ड की तरफ से पांच से सात साइकिल रखी गई थी। इन्हें कोई भी व्यक्ति अपना पहचान पत्र देकर ले सकता है। बोर्ड की ओर से इन साइकिल से सैर करने का कोई पैसा नहीं लिया जाता। साइकिलिंग का समय बोर्ड की तरफ से सुबह छह से दस बजे तक और शाम को चार बजे से छह बजे तक जारी किया गया था। साइकिलिंग सुविधा के लिए बोर्ड की तरफ से प्रत्येक स्टैंड पर दो कर्मियों की तैनाती भी की गई थी।
एक लाख रुपये में खरीदी थी 23 साइकिल
साइकिलिंग प्रेमियों के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड ने लगभग एक लाख रुपये की लागत से 23 साइकिल खरीदी थी। प्रत्येक साइकिल की कीमत चार से पांच हजार के बीच है जोकि निर्धारित स्टैंड में लॉक के अंदर सुरक्षित रहती हैं। समय-समय पर साइकिल की मरम्मत करवाई जाती है।