अंबाला। मानसून की दस्तक से पहले डेंगू व मलेरिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग सचेत है। एक तरफ डेंगू के लारवा मिलने पर 50 ब्रीडर चैकर 120 घरों में नोटिस भी थमा चुके हैं। वहीं नागरिक अस्पतालों में डेंगू से बचाव के संबंध में मरीजों को जागरूक करने के लिए कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है।
अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में पिछले साल तक एक पुरुष वार्ड के बड़े कमरे पर अलग से डेंगू वार्ड का पोस्टर लगा रहता था वो भी उतार दिया गया है। विभाग की तरफ से डेंगू को लेकर कोई खास तैयारी नहीं दिख रही है। जबकि बराड़ा में रविवार को बरसात हुई थी।
राहत की बात यह है कि अभी कैंट व सिटी सहित अन्य जगह बरसात नहीं हुई है। बारिश में डेंगू का लारवा पनपना शुरू हो जाता है।
नागरिक अस्पतालों की ओपीडी में जो बुखार के मरीज आ रहे हैं उनके प्लेटलेट्स के अलावा डेंगू के भी टेस्ट करवाए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक कोई मरीज सामने नहीं आया है। जिन घरों में लारवा मिल भी रहा है तो उन्हें नष्ट करवाकर परिजनों को जागरूक किया जा रहा है तो कुछ को नोटिस दिए जा रहे हैं कि वह घरों में पानी न खड़ा होने दें। संवाद