अंबाला सिटी। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में शहर विधायक निर्मल सिंह ने सोमवार को दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान शहर के कपड़ा मार्केट के व्यापारी भी विधायक से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मार्केट में वाहन पार्किग उद्घाटन के कारण रुकी हुई है। इसे जल्द खोला जाए। विधायक निर्मल सिंह ने रोडवेज जीएम को पार्किंग जल्द खुलवाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा शहर में चल रही अवैध डेयरी की भी शिकायत आई। वहीं मरदों साहिब के पास टांगरी में माइनिंग की शिकायत लोगों ने विधायक निर्मल सिंह के समक्ष रखी। इसके साथ ही नगर निगम के अंतर्गत आने वाले नालों की सफाई और शहर में स्ट्रीट लाइट न लगने की शिकायत पर विधायक ने कहा कि मंगलवार को शहर में नालों का निरीक्षण किया जाएगा और सफाई व्यवस्था को भी देखा जाएगा। उन्होंने प्रेम नगर में बिजली की तार लटकने की शिकायत पर एसडीओ को समाधान करने के निर्देश दिए।
-
नालों का आज करेंगे निरीक्षण
विधायक निर्मल सिंह ने कहा कि मंगलवार को उन जगहों पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा। जहां पानी रुकने की समस्या सामने आती है। इसके साथ ही हाउस की बैठक में जो समस्याएं उठाई गई हैं, उनके समाधान पर कितना पैसा खर्च हुआ। इसको लेकर भी चर्चा की गई है। वहीं, विधायक निर्मल सिंह ने हरियाणा में बिजली दरों में हुई अचानक और चुपचाप बढ़ोतरी को जन-विरोधी करार दिया।