जिले में डेंगू का प्रकोप जारी है। रविवार को भी 15 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 573 पहुंच गया। जोकि 2016 के 582 मरीजों से केवल 9 मरीज दूर है। लगातार बढ़ रहे मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की परेशानी भी बढ़ गई है। ऐसी स्थिति तब है, जब स्वास्थ्य विभाग की ओर से करीब 9 हजार से अधिक लोगों को डेंगू का लारवा मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं।
इसके अलावा लगातार आ रहे संदिग्ध बुखार के मरीजों को भी संभाल पाना स्वास्थ्य विभाग के लिए मुश्किल हो रहा है। प्रतिदिन औसतन जिलेभर में 150 से अधिक बुखार से पीड़ित मरीज सरकारी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। इनमें कई मरीजों की स्थिति को देखते हुए अस्पताल में दाखिला किया जा रहा है। वहीं, जिनकी स्थिति थोड़ी बहुत ठीक है, उन्हें दवाई देकर वापस भेज दे रहे हैं। इसके अलावा निजी अस्पताल में कितने मरीज आ रहे हैं, इसको लेकर अंदाजा लगाना मुश्किल है। लगातार बढ़ते मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
दो दिन से बुखार, अभी नहीं हुआ आराम
महेशनगर से आए राजीव ने बताया कि उसे पिछले दो दिन से तेज बुखार आ रहा है। गत दिवस ही वह छावनी के नागरिक अस्पताल में आया था। यहां उसे उपचार दिया जा रहा है, लेकिन अभी तक स्थिति ठीक नहीं है।
डॉक्टरों ने स्थिति को देखते हुए दाखिल किया
खुड्डा कलां से आए ताराचंद ने बताया कि उसे पिछले तीन दिन से बुखार है। केमिस्ट से दवाई ली थी, पर असर नहीं हुआ। अगले दिन अस्पताल में आ गया। डॉक्टरों ने स्थिति देखते हुए दाखिल कर लिया। उपचार चल रहा है।
चार दिन से अस्पताल में दाखिल हूं
कालपी से आई मीनाक्षी ने बताया कि उसको पिछले एक सप्ताह से तेज बुखार है। वह चार दिन से अस्पताल में दाखिल है। यहां उपचार चल रहा है। फिर भी स्थिति ठीक होने का नाम नहीं ले रही है।
पहले प्राइवेट में दिखाया, अब सरकारी में आया हूं
खेलन से आए भीम सिंह ने बताया कि उसे पिछले चार दिन से बुखार है। वह शनिवार को अस्पताल में दाखिल हुआ है। पहले प्राइवेट में दिखाया था। जब असर नहीं हुआ तो अस्पताल में दाखिल हो गया।
नए डेंगू के मरीज आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के प्रत्येक टीम का सदस्य डेंगू की रोकथाम को लेकर काम रहा है। उम्मीद है जल्द ही डेंगू पर काबू पा लिया जाएगा।
- कुलदीप सिंह, सीएमओ, अंबाला।