अंबाला। विदेश में लाखों कमाने का झांसा देकर लोगों के लाखों हड़पने का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सरकार की अनुमति के बिना जिलाभर में धड़ल्ले से दो दर्जन एजेंट का फायदा उठा रहे हैं। जबकि अभी तक पुलिस की तरफ से किसी भी अधिकृत एजेंट का कोई डाटा अपलोड नहीं किया गया है। इसी का फायदा मुख्य बाजारों व ऑनलाइन के जरिए काम करने वाले एजेंट उठा रहे हैं।
अधिकतर एजेंट युवाओं को झांसे में लेकर बिना किसी पढ़ाई आदि के विदेश भेजकर पैसे कमाने के लिए डोंकी के जरिए भेज रहे हैं। हालांकि अंबाला में कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जब किसी दूसरे देश में भेज दिया और वहां पर युवक से मारपीट कर बंधक बनाया। सारे पैसे लूट लिए गए। एजेंट स्पाउस वीजा के अलावा स्टडी, वर्क वीजा का झांसा देकर ठग रहे हैं।
यह आया था मामला सामने, डोंकी स्टाइल में जाकर बना बंधक : कबूतरबाजी के जाल में फंसाकर एजेंट ने साहा माजरी गांव के रहने वाले एक व्यक्ति को दस लाख रुपये हड़पे थे। रोशनलाल अपने बेटे सूरज को विदेश में नौकरी दिलवाना चाहता था। शातिरों ने डोंकी के जरिये व्यक्ति के बेटे को ग्रीस भेजा, लेकिन टर्की में युवक को पकड़ लिया गया। यहां पर युवक पांच महीने तक बंधक बना रहा। बाद में डेढ़ लाख रुपये देकर शिकायतकर्ता ने अपने बेटे को छुड़ाया, जिसके बाद वह अपने घर पहुंच सका।