अंबाला छावनी में ड्राई फ्रूट वाली गुजिया के बारे में जानकारी देते राहुल बंसल। संवाद
अंबाला सिटी। होली के सिर्फ तीन दिन ही शेष हैं। ऐसे में बाजारों में रंगों के साथ-साथ मिठाई की दुकानें भी विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से सजनी शुरू हो गई हैं। अंबाला सिटी और छावनी के हलवाई बाजार में अलग-अलग तरह की गुजिया और गुड़पारे भारी मात्रा में बनाए जा रहे हैं।
लोग अभी से ही खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। इस बार गुजिया का आकार भी पहले से अधिक बढ़ गया है। इसके साथ ही गुड़ और ड्राइफ्रूट की गुजिया और समोसे भी अधिक चलन में हैं। इसके साथ ही ग्राहक नमक पारे, मट्ठियां, मटर और छोटे समोसों की भी खरीदारी कर रहे हैं।
खोया और ड्राईफ्रूट की मांग खूब
मिष्ठान भंडार दुकानदार सोनू साहनी ने बताया कि बाजारों में इस बार ड्राइफ्रूट समोसे की मांग अधिक हो रही है। इस समोसे में खोये के साथ- साथ कई प्रकार के ड्राइफ्रूट भी भरे गए हैं। कई दिनों तक यह समोसा रखा जा सकता है। ड्राइफ्रूट वाले समोसे बाजार में 400 रुपये प्रति किलोग्राम में बिक रहा है। दुकानदार राहुल बंसल ने बताया कि गुजिया भी गुड़ और चीनी के साथ- साथ ड्राइफ्रूट वाली बिक रही है। ड्राईफ्रूट गुजिया भी 380 रुपये प्रति किलोग्राम के मूल्य पर बिक रही है।
अंबाला सिटी के हलवाई बाजार में भी दुकानों पर रौनक लगनी शुरू हो गई है। यहां पर दूसरे शहरों में भी गुझिया, मटर, मट्ठी भेजी जाती हैं। हलवाई देर रात तक होली के लिए मिठाइयां व अन्य व्यंजन बनाने में जुटे दिखाई दे रहे हैं। होली वाले दिन यहां पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। यहां गुजिया का आकार भी बढ़ा है और 360 रुपये किलो के भाव में बिक रही है। इसी प्रकार के अन्य नमकीन उत्पाद भी लोगों को खासे पसंद आ रहे हैं।
अंबाला छावनी में ड्राई फ्रूट वाली गुजिया के बारे में जानकारी देते राहुल बंसल। संवाद