घसीटपुर स्थित सेक्टर-34 क्वार्टरों में बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने महिला से अभद्रता भी की और घर पर हमला करते हुए बाहर खड़े ऑटो सहित वाशिंग मशीन व अन्य सामान तोड़ दिया। इस दौरान जब परिवार के सदस्यों ने महिला को बचाना चाहा तो बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया।
इस हमले में गुरदेव नामक व्यक्ति की बाजू में चाकू लग गया। इस कारण वह लहूलुहान हो गया। आनन फानन में गुरदेव को छावनी के सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरदेव ने बताया कि वह मजदूरी करता है और सेक्टर-34 के क्वार्टरों में रहता है। करीब 10 युवक रात में सेक्टर-34 के बाहर ही नशा बेचने का काम करते हैं। उसकी पत्नी उस इलाके से गुजर रही थी कि युवकों ने उससे अभद्रता शुरू कर दी। पहले तो मौके पर जाकर युवकों को दोबारा ऐसा न करने के लिए बोल आया। अभी घर पर ही बैठा कि युवक एकजुट होकर हथियार लेकर पहुंच गए। इस दौरान युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दी और फिर पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें वह भी घायल हो गया। जब लोग एकत्रित हुए तो बदमाश मौके से फरार हो गए।