मंत्री अनिल विज ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया उद्धाटन
- फोटो : अमर उजाला
बब्याल में 15 करोड़ रुपए की लागत से 10 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का उद्धाटन रविवार को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने किया। उन्होंने बताया कि यह ट्रीटमेंट प्लांट कई कॉलोनियों में करीब 140 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन से जुड़े 15 हजार घरों को सीवरेज सुविधा पहुंचाएगा। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट आधुनिक एसबीआर तकनीक पर तैयार किया गया है जोकि भविष्य के 25 वर्षों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इस ट्रीटमेंट प्लांट से पानी ट्रीट होने के बाद इसे पास टांगरी नदी में छोड़ा जाएगा।
इन कॉलोनियों को मिलेगी सुविधा
ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि बब्याल सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शुरू होने से टुंडला मंडी, कलरहेड़ी, डिफेंस कॉलोनी के सेक्टर ए, बी, सी व डी के अलावा बाले का नगला, डिफेंस इन्कलेव, बोह, आनंद नगर, दलीपगढ़, बब्याल, कृष्णा नगर, श्याम नगर, अर्जुन नगर, वशिष्ठ नगर व अन्य कॉलोनियों को सुविधा पहुंचाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि जहां-जहां पर सीवरेज लाइन बिछ चुकी है, वहां के लोग अपने घरों का सीवरेज कनेक्शन लें, तभी इस परियोजना का लोगों को फायदा मिलेगा और उनकी मेहनत भी सफल होगी।
सीवरेज लाइन पर खर्च होगा 341 करोड़ रुपये
कैबिनेट मंत्री विज ने कहा कि कलरहेड़ी से लेकर मच्छौड़ा तक 341 करोड़ रुपये की लागत से 370 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा हैं। इस कार्य के तहत अधिकतर सीवरेज पाइप लाइन बिछ चुकी हैं और जो शेष बची हैं, वह भी जल्द बिछ जाएंगी। सीवरेज लाइन के बिछने से शहर को गंदे पानी से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि बब्याल में ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन किया गया है जबकि 12 क्रॉस रोड, मच्छौड़ा और गांव खुड्डा में भी जल्द ट्रीटमेंट प्लांट को तैयार कर इसे चालू किया जाएगा।