लोगों की समस्या सुनती मेयर शक्ति रानी। संवाद
- फोटो : Ambala
शहर भर से मिल रही जलभराव की शिकायतों के बाद बुधवार को मेयर शक्ति रानी शर्मा मैदान में उतर आई। इस दौरान मेयर ने मुख्य सड़कों पर लगे गंदगी के ढेर देखते ही मुख्य सफाई निरीक्षक को मौके पर बुलाकर निकासी के निर्देश दिए। अधिकारी से कूड़ा न उठाने का कारण पूछा। इस पर अधिकारी ने मेयर को जवाब दिया कि मैडम यह सब लोगों की गलती का कारनामा है।
यह बात सुनते ही मेयर अधिकारी पर भड़क गई और कहा कि अगर सही से सफाई की होती तो आज जनता की ऐसी बदहाली न होती। इसके बाद मेयर शक्ति रानी जलबेड़ा रोड पहुंची। जहां नगर निगम द्वारा लंबे समय से नाला निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ रखा था। सूर्या स्कूल के नजदीक अधूरे बने नाले के कारण पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई।
वहीं एक व्यक्ति द्वारा मलबा बीच रास्ते में गिरा रखा था। मेयर को देखते ही फ्रेंडस कॉलोनी वासी जमा हो गए और दुखड़ा रोने लगे। कॉलोनी वासियों ने मेयर को बताया कि आज हमारे घरों में पानी भरा है, उसका जिम्मेदार नगर निगम है। इसके बाद मेयर ने नगर निगम के एक्सईएन सुखविंद्र को मौके पर बुलाया और लोगों को हुए नुकसान को लेकर उन्हें खूब सुनाई। कहा कि शहर की जनता आज जो जलभराव से जूझ रही है, इसके पीछे नगर निगम की असफलता साफ दिखाई दे रही है।
मेयर ने एक्सईएन को कहा कि रोके गए नाले व जिस अधिकारी ने यह सड़क बनवाई है उसपर कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने मौके पर ही जेसीबी मंगवाकर कॉलोनी में जमा हुए पानी को निकलवाने की व्यवस्था की और वीरवार को खास बैठक बुलाने के आदेश दिए। इस मौके पर मेयर ने कहा कि मैं चार महीने से निगम के पीछे पड़ी हूं, मैैंने बैठक भी ली थी, उसके बाद दोबारा बैठक ली है। लेकिन नगर निगम ने समय से कोई काम नहीं किया न ही पानी निकासी को लेकर गंभीर दिखा।
शहर में हुए जलभराव का जायजा लेने निकली मेयर शक्ति रानी। संवाद- फोटो : Ambala