भारत कौशल प्रतियोगिता के तहत आज वीरवार को प्रदेशभर की जिला मुख्य आईटीआई में जोनल स्तरीय कौशल प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसके लिए प्रदेशभर के 7228 होनहारों ने आवेदन किया है। हरियाणा कौशल विकाश मिशन ने इस बारे में प्रदेशभर की 21 राजकीय आईटीआई के प्रिंसिपल को पत्र लिखकर परीक्षा करवाने के निर्देश जारी किए हैं। जोनल स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के लिए 29 कौशल निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा सुबह 11 बजे से 12 बजे तक होगी। प्रतिभागियों को सुबह साढ़े 9 बजे परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा। जिस केंद्र पर प्रतिभागियों की संख्या ज्यादा है, वहां दो शिफ्टों में परीक्षा करवाई जाएगी। इसमें 50 बहु वैकल्पिक प्रश्न पत्र दिए जाएंगे। हरियाणा कौशल विकास मिशन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि कुछ विद्यार्थियों ने एक से अधिक कौशल में आवेदन किया है। ऐसे विद्यार्थियों को दोनों कौशल के बहु वैकल्पिक प्रश्न और उत्तर पुस्तिका एक साथ दिए जा सकते हैं। उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
वीडियोग्राफी कराने के आदेश
प्रतियोगिता सही तरीके से करवाने के लिए आईटीआई के प्रिंसिपल को वीडियोग्राफी के बंदोबस्त भी करवाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि यदि प्रतिभागियों को कोई भी दिक्कत है या कोई सवाल उनके मन में है तो मौके पर ही उसका समाधान भी करना है। बता दें कि भारत कौशल प्रतियोगिता हर तीन साल में एक बार करवाई जाती है। इससे पहले यह प्रतियोगिता 2018 में हुई थी।
किस जिले के कितने होनहारों ने किया है आवेदन
अंबाला 119
भिवानी 469
चरखी दादरी 10
फरीदाबाद 651
फतेहाबाद 198
गुरुग्राम 859
हिसार 747
झज्जर 223
जींद 227
कैथल 537
करनाल 341
कुरुक्षेत्र 193
महेंद्रगढ़ 88
नूंह 03
पलवल 37
पंचकूला 822
पानीपत 401
रेवाड़ी 232
रोहतक 432
सिरसा 324
सोनीपत 233
यमुनानगर 80
परीक्षा के लिए सुबह साढ़े 9 बजे परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा। मिशन निदेशक अनंत प्रकाश पांडे्य की अगुवाई में प्रदेशभर की जिला आईटीआई में यह परीक्षा होगी।
-प्रवीण वर्मा, जिला अंबाला-पंचकूला कौशल समन्वयक
हमने परीक्षा की तमाम व्यवस्थाएं कर ली हैं। कोरोना से बचाव के तमाम बंदोबस्त कर दिए गए हैं। थर्मल स्कैनिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही मास्क अनिवार्य किया गया है।
-भूपेंद्र सिंह सांगवान, जिला आईटीआई नोडल अधिकारी।