अंबाला सिटी। श्री एसएस जैन सभा अंबाला शहर के तत्वावधान में रमेश मुनि महाराज के सानिध्य में मंगल चातुर्मास प्रवेश श्रद्धा-भक्ति व उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रवचन भास्कर मुकेश मुनि महाराज ने कहा चातुर्मास एक आत्म जागृति का अवसर होता है, जिसमें साधक हिंसक प्रवृत्तियों से निवृत्त होकर आत्म कल्याण की साधना करता है, जिसमें वह तप, आराधना, स्वाध्याय, जप-तप के साथ अपनी आत्म पर लगे पाप कर्मों को नष्ट कर देता है।
शासन ज्योति गीता महाराज ने कहा कि चातुर्मास का समय एक स्वर्ण अवसर होता है। इसमें साधु-साध्वी का सानिध्य निरंतर चार मास तक गृहस्थ वर्ग को मिलता है। इस अवसर पर तरुण तपस्वी मुदित मुनि महाराज, साध्वी सलौनी महाराज ने भी सभा को संबोधित किया। सर्वप्रथम विहार यात्रा पीकेआर पब्लिक स्कूल से प्रारंभ की गई। जो शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई महावीर भवन जैन स्थानक में प्रवेश हुई। विहार यात्रा चलती हुई महावीर भवन जैन स्थानक में पहुंचकर विशाल धर्म सभा के रूप में परिवर्तित हो गई। हरियाणा, दिल्ली, यूपी से आए समाज के गणमान्य व्यक्तियों का श्रीसंघ द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। जैन सभा के अध्यक्ष धर्मपाल जैन, महामंत्री योगेश जैन, कोषाध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि इस अवसर पर श्री संघ अंबाला शहर के अतिरिक्त स्थानीय संस्थाएं श्री एसएस जैन महिला मंडल, मुनि माया राम सेवा संघ, श्री महावीर जैन युवक मंडल, श्री वर्धमान जैन युवक संघ, श्वेतांबर जैन शक्ति के अंतर्गत आने वाली समस्त जैन संस्थाओं एवं जैन स्कूल शैक्षणिक संस्थाओं ने सभा में भाग लिया। मौके पर अंबाला छावनी के श्री महावीर जैन युवक मंडल के प्रधान अमित जैन, उपप्रधान तरुण जैन, सचिव योगेश जैन व अन्य मौजूद रहे।