अंबाला के गांव पंजोखरा रोड पर यूएसए गार्डन के पास सवारियों से भरी तेज रफ्तार निजी बस आगे चल रहे टिपर से टकरा गई। हादसा इतना खतरनाक था कि सवारियां से भरी बस के यात्री एक-दूसरे पर गिरे तो कुछ बस की सीटों के आगे लगे पाइपों से घायल हो गए।
हादसे में कुल 33 सवारियों को चोटें आईं और उन्हें उपचार के लिए सिटी के ट्राॅमा सेंटर में दाखिल कराया। डॉक्टरों ने यहां से पांच सवारियों को चंडीगढ़ पीजीआई और जीएमसीएच- 32 रेफर कर दिया। इसमें से चार पीजीआई और एक जीएमसीएच-सेक्टर 32 रेफर हुए। हालांकि हादसे में चोटिल का आंकड़ा ज्यादा हो सकता है।
यह मरीज केवल ट्राॅमा सेंटर में आए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहगीरों के साथ बचाव कार्य में जुट गया। दर्द से कराह रहे मरीजों को अस्पताल की करीब 11 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद टिपर चालक मौके से फरार हो गया।
इलाका पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। यात्रियों की बिगड़ती हालत को देखते हुए 33 वर्षीय अनू, 30 वर्षीय मंदीप सिंह, 50 वर्षीय अज्ञात महिला, 35 वर्षीय अनिल कुमार को पीजीआई चंडीगढ़ तो वहीं 65 वर्षीय महिंद्र कुमार को चंडीगढ़ के जीएमसीएच रेफर कर दिया। इस मामले में बस चालक की लापरवाही पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है।
नारायणगढ़ से आ रही थी यह बस
प्राइवेट बस सवारियां लेकर नारायणगढ़ से दोपहर करीब दो बजे अंबाला सिटी बस स्टैंड के लिए चली थी। घायल सवारियों ने बताया कि करीब 52 सीटों की बस में 70 से अधिक सवारियों को बैठाया था। सीटों के अलावा भी सवारियों खचाखच भरी थी और अधिकतर खड़े थे। ऐसे में ओवरटेक करते समय चल रहे टिपर में बस टकरा गई। सीटों पर बैठे लोग झटके के साथ ही अगली सीटों से टकरा चोटिल हो गए। गनीमत यह रही कि जो सवारियां खड़ी थीं वो बाल-बाल बची। स्वास्थ्य विभाग की बात करें तो अस्पताल में 32 मरीज ही उपचार कराने के लिए पहुंचे थे। हालांकि कुछ सवारियां अपने स्तर पर निजी अस्पतालों में भी जा सकती है, उनका अभी कोई रिकॉर्ड नहीं है।
हादसे में ये हुए घायल
प्राइवेट बस सवार सिटी के हरि पैलेस निवासी 50 वर्षीय फौजा, शहजादपुर निवासी 18 वर्षीय राधिका, रजनी और नारायणगढ़ के दुधली निवासी 21 वर्षीय साक्षी, नारायणगढ़ निवासी 33 वर्षीय धर्मवीर, 20 वर्षीय आर्यन, 60 वर्षीय कृष्णा देवी, जींद निवासी 37 वर्षीय प्रोमिला, 40 वर्षीय अनिल कुमार और नारायणगढ़ के लालपुर गांव निवासी 23 वर्षीय पलक, रत्नगढ़ निवासी 43 वर्षीय सरबजीत कौर, नारायणगढ़ निवासी 24 वर्षीय कोमल, बोरा खेड़ा गांव निवासी 36 रेखा रानी, 14 वर्षीय जेशा, 50 वर्षीय शांति व सोनीपत के गनौर निवासी नर्सिंग ऑफिसर सोनिया, नग्गल निवासी 54 वर्षीय जीत राम, शहजादपुर निवासी 35 वर्षीय प्रवीण, सद्दोपुर निवासी सतविंद्र, शहजादपुर निवासी 28 वर्षीय मनीषा, 42 वर्षीय निर्मला, 33 वर्षीय रितू, 44 वर्षीय राजीव, 14 वर्षीय नुपूर शर्मा, तरनप्रीत, अश्वनी, सिटी नागरिक अस्पताल की डॉक्टर हरविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
परीक्षार्थियों को परीक्षा छूटने का मलाल
हादसे में घायल नारायणगढ़ निवासी 27 वर्षीय कोमल ने बताया कि उन्हें परीक्षा छूटने का मलाल है। उसकी सिटी के पीकेआर जैन स्कूल में हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी एचटेट की परीक्षा थी, लेकिन घायल होने पर वह नहीं दे पाइ। नारायणगढ़ के लालपुर गांव निवासी 23 पलक और दुधली गांव निवासी 21 साक्षी ने बताया कि उनका हारट्रोन का कंप्यूटर की फाइनल परीक्षा देने जा रही थी। वो भी नहीं दे पाई। इसके अलावा शहजादपुर निवासी 45 वर्षीय प्रवीण कुमारी ने बताया कि वह अपने बेटे की बहू को पीकेआर जैन स्कूल में एचटेट की परीक्षा दिलवाने के लिए आई थी, लेकिन हादसे में वह चोटिल हो गई। गनीमत यह रही कि बहू निशा को मामूली चोटें आई थी और उपचार के बाद वह परीक्षा देने चली गई। बताया जाता है कि प्राइवेट बस में कैमरे भी लगे थे। पुलिस फुटेज को भी खंगाल सकती है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया था। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
-विक्रांत, इंस्पेक्टर, पंजोखरा थाना