संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने वीरवार को महाराणा प्रताप चौक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौक के सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने चौक के इतिहास और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि चौक के चारों तरफ क्षेत्र के महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों के नाम अंकित किए जाएं और उनकी वीर गाथाएं लिखी जाएं ताकि युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके। इसके अलावा रात के समय चौक की सुंदरता बढ़ाने के लिए विशेष लाइटिंग और प्रतिमा के पास टफन ग्लास व जाली लगाने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने एसडीएम शिवजीत भारती को पंचायती विभाग के माध्यम से जल्द अनुमानित लागत तैयार कराने को कहा। उन्होंने कहा कि शहजादपुर में नगर पालिका गठन के बाद अब विकास कार्यों को और गति मिलेगी। इस अवसर पर मार्किट कमेटी चेयरमैन नरेंद्र राणा, बीडीपीओ जोगेश कुमार और सरपंच नेहा शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।