संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बस स्टैंड छावनी से थ्री व्हीलर में बैठी सवारी से चाकू की नोक पर लूटपाट का मामला सामने आया है। खुद थ्री व्हीलर चालक सहित उसके दो अन्य साथियों ने वारदात को अंजाम दिया। जाते हुए बदमाश गर्दन पर चाकू रखकर पर्स से 5500 रुपये की नगदी, चांदी का कड़ा, मोबाइल लेकर फरार हो गए। ऑटो चालक का नंबर नोट कर पीड़ित ने रेजिमेंट चौकी में शिकायत दी।
ऑटो चालक के नंबर नोट करने के बाद पुलिस ने अंबाला सिटी दुर्गा नगर सोनू उर्फ तांडव और मॉडल टाउन के करतार नगर निवासी कार्तिक को काबू भी कर लिया। शनिवार दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद दो दिन के रिमांड पर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में गांव धीन निवासी स्वर्ण सिंह ने बताया कि उसकी गांव के बस अड्डे पर सीमेंट की दुकान है। 27 मार्च को अपनी ससुराल लालड़ू गया था। अपना काम निपटाकर ससुराल से अपने गांव के लिए चला था। रात्रि 10 बजकर 15 मिनट पर बलदेव नगर अंबाला पुल के नीचे पहुंचा तो अचानक एक थ्री-व्हीलर आया और उसमें चार व्यक्ति बैठे थे। बाद में उसे थ्री-व्हीलर चालक ने मुझे करीब 10:30 बजे रात्रि के समय बस अड्डा अंबाला कैंट पर उतार दिया। जब वह पर्स निकालकर पैसे देने लगा तो चालक व उसमें बैठे अन्य ने पर्स को गौर से देखा। पहले तो वह अंबाला कैंट में उतारकर चले गए, परंतु अपने गांव जाने के लिए कोई सवारी न मिली। करीब 15-20 मिनट के बाद दोबारा से वहीं थ्री-व्हीलर चालक व उसके साथ दो नौजवान लड़के पास आए और बोले कि जगाधरी जाना है और हमारे साथ चलो। रास्ते में उतार देंगें।