संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। धान खरीद के छह बाद शनिवार को जिले की अनाज मंडियों में उठान शुरू हो गया। शनिवार को डीएफएससी एजेंसी ने अंबाला शहर व साहा मंडी में धान का उठान शुरू करवाया। उठान शुरू होने के बाद अब किसानों को भुगतान होगा। वहीं, पोर्टल पर किसानों की धान सत्यापित न होने से मंडी में गेट पास कटने में अभी भी दिक्कत आ रही है। किसान मंडी में फसल लेकर पहुंच रहे हैं और पोर्टल पर उनकी फसल नहीं दर्शायी जा रही, जिससे किसानों की दिक्कत बढ़ रही है। इस वजह से किसानों को मार्केट कमेटी की ओर से अभी मैन्युअल गेट पास काटने पड़ रहे हैं।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी ने बताया कि राइस मिलर्स के पंजीकरण होने के बाद अंबाला शहर व साहा मंडी में धान का उठान होना शुरू हो गया है। उठान के बाद अब किसानों का भुगतान करवाया जाएगा। राइस मिलर्स एसोसिएशन अंबाला शहर के प्रधान राजेश बंसल ने बताया कि धान उठान के लिए राइस मिलर्स के पंजीकरण हो रहे हैं और धान उठान का कार्य भी शुरू हो गया है।
72 घंटे में किसानों को भुगतान का दावा फेल
22 सितंबर को धान की खरीद शुरू हुई थी। खरीद के बाद किसानों को 72 घंटे में खरीद एजेंसियों की ओर से भुगतान किया जाता है, लेकिन छह दिन बीत जाने के बाद किसानों का भुगतान होना शुरू नहीं हुआ है। किसान अपने भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के जिला प्रधान गुरमीत सिंह माजरी ने कहा कि किसानों को खरीद एजेंसियों की ओर से 72 घंटे में भुगतान किया जाए ताकि किसान अपनी आगामी फसल के लिए बीज व खाद खरीद सके। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर किसानों की फसल सत्यापित नहीं हो रही है। जिन अधिकारियों की इसमें लापरवाही है, उन पर सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि धान सत्यापित न होने से किसानों को फसल बेचने में दिक्कत आ रही है।
54,409 मीट्रिक टन की हो चुकी आवक
जिले की सभी 14 मंडियों में शनिवार शाम तक 54,409 मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी थी। इसमें से 43,070 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी थी। मंडियों में लगातार धान की आवक हो रही है। अक्तूबर के प्रथम सप्ताह में सीजन जोर पकड़ेगा। तेज धूप निकलने से धान की फसल पकने लगी है।