अंबाला सिटी। राजकीय स्कूलों में गणित को अधिक रुचिकर बनाने के लिए गणित ज्ञान क्लब और पजल कॉर्नर बनाए गए। जिले में कुल 129 राजकीय मिडिल, 55 राजकीय उच्च और 100 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हैं। जिले के इन सभी 284 विद्यालयों में गणित क्लब का गठन हो चुका है एवं सभी विद्यालयों में पजल कॉर्नर भी बन चुके हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से जिले के सभी राजकीय मिडिल, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से जनवरी के पिछले सप्ताह ही गूगल फॉर्म के माध्यम से गणित ज्ञान क्लब और पजल कॉर्नर के बारे में सूचना मांगी गई थी। स्कूलों में गणित क्लब के गठन होने के साथ सभी विद्यालयों में पजल कॉर्नर बन चुके हैं।
जिला गणित विशेषज्ञ सुशील अरोड़ा ने बताया कि गणित क्लब और पजल कॉर्नर बनाने का मुख्य उद्देश्य है कि सभी विद्यार्थी गणित विषय के प्रति सजग हो पाए, सोच पाए और उन के मन से गणित विषय का डर समाप्त हो, बच्चों की तार्किक शक्ति का विकास हो। जीवन में समस्याओं से जूझने लायक बने और उनमें गणित विषय के प्रति विशेष रुचि पैदा हो एवं वह जीवन में सफल हो।
उन्होंने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी प्रधानाचार्यों से आग्रह किया गया है कि वह अपने विद्यालय में सभी कक्षाओं में प्रति सप्ताह कम से कम गणित की एक गतिविधि जरूर करवाएं और इन सभी गतिविधियों का संपूर्ण रिकॉर्ड भी रखा जाए।
गणित के प्रति रूचि बढ़ाने के लिए यह करवाई जा रही प्रतियोगिता
जिला गणित विशेषज्ञ सुशील अरोड़ा ने बताया कि गणित क्लब के अंतर्गत अनेक गतिविधि और प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं, इनमें क्विज, प्रदर्शनी, खुद से गणित की विभिन्न आकृतियां बनाना, सुडोकू, गणित तंबोला, गणितज्ञों की जीवनियों पर आधारित नाटक, फिल्म इत्यादि, गणितीय मेंहदी और रंगोली प्रतियोगिता, गणित पर कविताएं, कश्मीरी अमृत पज्जल हल करना, गणित पर आधारित पेंटिंग और ड्राइंग प्रतियोगिता, टेनग्राम इत्यादि।