जयपुर-दौलतपुर चौक के बीच चलने वाली तीन दिवसीय इंटरसिटी स्पेशल ट्रेन का संचालन अब रोजाना होगा। रेलवे ने बुधवार शाम ट्रेन संचालन को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पिंक सिटी और हिमाचल के बीच सफर करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
होली से पहले रेलवे जयपुर-दौलतपुर चौक-जयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का का संचालन किया था। ऊना स्थित दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन से पिंक सिटी जयपुर के लिए यह सीधी ट्रेन सेवा है, लेकिन यह ट्रेन सप्ताह के तीन दिन ही चल रही थी। जयपुर से ट्रेन नंबर 09717 का संचालन रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को और दौलतपुर चौक से ट्रेन नंबर 09718 का संचालन सोमवार, बुधवार व शनिवार होता था। इससे न केवल ऊना बल्कि कांगड़ा और हमीरपुर जिले के लोगों को भी लाभ मिलता है। खासकर जयपुर में तैनात सैनिक और अर्धसैनिकों के लिए यह सेवा किसी सौगात से कम नहीं है।
ट्रेन जयपुर से रात 8.35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6.35 बजे अंबाला छावनी और दोपहर 12.05 बजे दौलतपुर चौक पहुंचती है। वापसी में दौलतपुर चौक से ट्रेन दोपहर 2.35 बजे रवाना होकर रात 8 बजे अंबाला छावनी और अगले दिन सुबह 6.50 बजे जयपुर पहुंचती है। वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने बताया कि जयपुर से ट्रेन 10 अप्रैल को और दौलतपुर चौक से ट्रेेन 11 अप्रैल से प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन बीच रास्ते अंब अंदौरा, ऊना हिमाचल, नंगलडैम, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, मोरिंडा, एसएएस नगर, चंडीगढ़, अंबाला छावनी, कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, उचाना, जींद, जुलाना, रोहतक, झझर, रेवाड़ी, कैथल, अलवर, राजगढ़, बंदीक्यू, दौसा व गांधी नगर रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।