छावनी के नागरिक अस्पताल की फोटो। कई दिनों से हो रही बारिश के बादल छाए हुए।
अंबाला सिटी। सितंबर माह में लगातार बारिश होने से मौसम में ठंडक आ गई है। अब दिन में तो गर्मी है, लेकिन रात में मौसम सुहावना हो गया है। एसी और कूलर कम चलने से बिजली की खपत भी कम हो गई है।
सितंबर माह में बीते 16 दिनों में सामान्य से ज्यादा बारिश हो चुकी है और आगामी दिनों में भी बारिश होने की आंशका है। बीते एक से 16 सितंबर तक सामान्य बारिश 95.7 मिलीमीटर होनी थी और 16 सितंबर तक 96.8 मिलीमीटर बारिश हुई। यह सामान्य से एक फीसदी ज्यादा रही।
इसी तरह जून से लेकर सितंबर तक पूरे सीजन की बात करें तो सामान्य बारिश 777 मिलीमीटर होनी थी और अभी तक 569.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य से 27 फीसदी कम रही। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, बारिश होने से धान की फसल भी लेट पकेगी, क्योंकि अभी खेतों में जलभराव हो रखा है। धान की फसल 10 से 15 दिन लेट हो सकती है। मंडियों में भी 25 सितंबर के बाद फसल आने की संभावना है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 21 सितंबर तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है।
इस दौरान बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं आने की संभावना बन रही है। इस वजह से राज्य के कुछ एक क्षेत्रों में 18 सितंबर रात और 19 सितंबर को बीच-बीच में आंशिक बादल, हवाएं चलने व गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट होने और वातावरण में नमी की मात्रा में बढ़ोतरी होने की भी आशंका है, लेकिन 20 सितंबर से फिर से बारिश की गतिविधियों में कमी आने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है।