अंबाला। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगाने वालों और बिना नंबर प्लेट के चलने वाले वाहन चालकों पर सख्ती की जाएगी। एसपी अंबाला ने यह निर्देश जारी किए हैं। लगातार बढ़ रही वाहनों की चोरी को देखते हुए अब अंबाला पुलिस की ओर से यातायात के नियमों की पालना के लिए कार्रवाई की जाएगी।
इसी कड़ी में अंबाला पुलिस द्वारा बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। जिसमें अंबाला पुलिस द्वारा बिना पैट्रन नंबर प्लेट के 1395 वाहन चालकों तथा बिना नंबर प्लेट के 660 वाहन चालकों के चालान किए गए।
चोरी और धोखाधड़ी रोकना ही उद्देश्य
एसपी ने बताया कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का मुख्य उद्देश्य वाहन चोरी व धोखाधड़ी को रोकना है। यह खास रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट वाहनों को ज्यादा से ज्यादा सुरक्षित बनाती है। इस पर लगा एक होलोग्राम विशेष डिजाइन के साथ होता है और इसे नकली बनाना मुश्किल है। आमतौर पर देखा जाता है कि वाहन चोरी की घटनाओं में सबसे पहले नंबर प्लेट बदली जाती है। इसकी वजह से वाहन को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है लेकिन हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगने के बाद इस प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
थाना प्रबंधकों दिए कार्रवाई के निर्देश
एसपी अंबाला ने सभी प्रबंधक थाना व प्रबंधक यातायात को निर्देश दिए है कि वह बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करें तथा यातायात के नियमों की पालना सुनिश्चित करें।