अंबाला सिटी। गर्मी बढ़ने से पांच दिन में ही 15 लाख यूनिट बिजली खपत बढ़ गई। पिछले चार दिन से उमसभरी गर्मी पड़ रही है। गर्मी के कारण पसीना नहीं सूख रहा। गर्मी के बढ़ने से कूलर और एसी भी लगातार चल रहे हैं। इस वजह से बिजली निगम का लोड बढ़ गया है।
कई ट्रांसफार्मर ओवरलोड चल रहे हैं। फीडर ओवरलोड होने से बिजली लोड को मैनेज करने के लिए 30-30 मिनट के कट लगने शुरू हो गए हैं। मंगलवार रात को भी कई फीडर पर आधे-आधे घंटे के कट लगे। बिजली कट होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
रात 10 से सुबह चार बजे तक ज्यादा लोड
वैसे तो दिन में भी लोड बढ़ रहा है, मगर रात होते ही कूलर और एसी ज्यादा चलने से लोड बढ़ जाता है। इस वजह से ट्रांसफार्मर भी हांफने लगते हैं। लोड बढ़ने से फ्यूज उड़ने, तार टूटने और लो वोल्टेज की समस्या आ रही है। रात 10 बजे से लेकर सुबह चार बजे तक ज्यादा लोड रहता है। इसके लिए बिजली निगम की टीम भी ट्रांसफार्मर को चेक करती रहती हैं, जिससे कि क्षेत्र में बिजली के लिए दिक्कत न आए।
एक ही दिन में पहुंची 1845 शिकायतें
उमस भरी गर्मी में मंगलवार रात को बिजली कट लगे। यह कट लोड को मैनेज करने के लिए घरेलू फीडर पर लगाए। वहीं, इससे बिजली निगम के पास शिकायतों की संख्या भी बढ़ गई। निगम के पास 1845 शिकायत पंजीकृत हुई। इन शिकायतों में फ्यूज उड़ने, बिजली न आने, लो वोल्टेज जैसी कई शिकायत शामिल रहीं।
बिजली कट से लोग परेशान
ग्रामीण विक्रमजीत सिंह, जगप्रीत सिंह, जसविंद्र सिंह, गुरविंद्र सिंह ने बताया कि दिन और रात में कभी भी कट लग जाता है। इससे गर्मी में परेशानी बढ़ जाती है। रात के समय में कट लगने से ज्यादा दिक्कत आती है। रात को बिजली कट नहीं लगने चाहिए। वहीं, कभी एक फेस चला जाएगा तो आधे घर में बिजली ही नहीं आएगी। यह समस्या भी देखने को मिल रही है।
86 लाख यूनिट पार हुई बिजली खपत तारीख खपत लाख यूनिट में
14 मई 71.76
15 मई 70.31
16 मई 76.41
17 मई 79.04
18 मई 80.25
19 मई 79.60
20 मई 86.19
वर्जन
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली लोड भी बढ़ गया है। बिजली को सुचारू रूप से चलाने के लिए फील्ड में टीम लगाई गई हैं।
सुखबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम।