संरक्षा मानकों को और बेहतर करने के लिए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल की ओर से ट्रेफिक और ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान मंडल के अंबाला-लुधियाना सेक्शन के खन्ना-चावा पायल स्टेशनों के बीच फाटक नंबर 157 सी, किमी. 336/21-23 पर प्रोटेक्शन प्लेट गार्डर की अव स्थापना का कार्य किया जाएगा। यह कार्य 20 नवंबर को दोपहर 1:20 बजे से शाम 5:10 बजे तक किया जाएगा।
इससे अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन से निकलने वाली 3 लंबी ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने बताया कि ट्रेन नंबर 02920 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-डॉ.आंबेडकर नगर विशेष एक्सप्रेस 20 नवंबर को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से सुबह 8.35 बजे के स्थान पर 100 मिनट की देरी से सुबह 10.15 बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04504 लुधियाना-अंबाला विशेष एक्सप्रेस ट्रेन भी 20 नवंबर को लुधियाना से शाम 4.10 बजे के स्थान पर 70 मिनट की देरी से शाम 5.20 बजे रवाना होगी। इस दौरान ट्रेन नंबर 04650 अमृतसर-जयनगर एक्सप्रेस फिरोजपुर मंडल में एक घंटा के लिए रोककर चलाई जाएगी। प्रबंधक ने यात्रियों से आग्रह किया कि स्टेशन पर आने से पहले उक्त ट्रेनों के संबंध में जानकारी रेलवे की वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर 139 से जरूर लें।