अंबाला। रेलवे स्टेशन छावनी के वेटिंग रूम में रविवार सुबह सेना के जवान ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। ट्रेन की प्रतीक्षा में बैठे जवान को बेसुध देखकर यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी। आनन-फानन में जवान को छावनी के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां डॉक्टरों के प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
जीआरपी ने जवान के दस्तावेज देखे तो पता चला कि वह पटियाला सेना की यूनिट में कार्यरत है। सूचना देने के बाद पटियाला से सेना के अधिकारी आए। सेना के जवान की पहचान वेस्ट बंगाल के रघुनाथपुर निवासी 30 वर्षीय बिजल सरकार के रूप में हुई। जीआरपी के हेड कांस्टेबल सुशील कुमार ने बताया कि सेना का जवान छुट्टियां काटने के लिए अपने घर गया हुआ था। वेस्ट बंगाल से वह रविवार सुबह कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचा था। पटियाला जाने के लिए ट्रेन की प्रतीक्षा में वेटिंग रूम में बैठा हुआ था। पहले से ही सेना का जवान बैग में कीटनाशक दवा लेकर आया था। अचानक उसने दवा का सेवन कर लिया। हालांकि साथियों का कहना था कि जवान डिप्रेशन का मरीज है।