अंबाला सिटी। अंबाला शहर व अंबाला कैंट से निकलने वाले कचरे को पटवी प्लांट में निस्तारित किया जा रहा है। मगर यह प्लांट नियमों की अनदेखी कर संचालित हो रहा है। प्लांट में बहने वाले पानी के सैंपल भी मानकों पर खरे नहीं उतरे, कचरे का रिकॉर्ड भी एजेंसी के पास नहीं था। यहां तक कि पर्यावरणीय नियमों को ताक पर रखकर प्लांट का संचालन किया जा रहा है।
यही कारण है कि हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय ने शुक्रवार को नगर निगम प्रशासन और पूजा कंसुलेशन एजेंसी को नोटिस थमाया है। कारण बताओ नोटिस में नियमों की अवहेलना पर जवाब तलब किया गया है।
गौरतलब है कि पटवी प्लांट पर कार्य करने के लिए एक निजी एजेंसी को ठेका दिया हुआ है। यहां पर अंबाला ही नहीं बल्कि अब पंचकूला का भी कचरा निस्तारण के लिए आ रहा है।
अक्टूबर में किया था निरीक्षण, मिली थी कमियां : दरअसल अक्टूबर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने पटवी स्थित कचरा निस्तारण प्लांट पर निरीक्षण किया था। इस दौरान यहां कई नियम पूरे नहीं पाए गए थे।
जिसमें प्लांट के पास निर्धारित फेंसिंग नहीं मिली थी। इसके साथ ही कोई भी कचरा निस्तारण का प्लांट हो तो इसके आसपास हरियाली के नियम भी पूरे नहीं दिखे। इसके साथ ही मौके पर जब पीसीबी के अधिकारियों ने कचरे के रिकॉर्ड की जानकारी मांगी तो वह भी नहीं दिखा सके थे।
ऐसे में उस समय तो मौखिक रूप से अधिकारियों ने रिकॉर्ड पेश करने काे कहा था। मगर पीसीबी को जब अभी तक रिकॉर्ड नहीं मिला तो उन्होंने नियमानुसार नोटिस देने की कार्रवाई शुरू कर दी है। किसी भी कचरा निस्तारण प्लांट को पानी के ट्रीटमेंट की व्यवस्था भी करनी होती है। क्योंकि बारिश आने पर कचरे से होता हुआ पानी जमीन पर जाता है। जिससे धरती में भी प्रदूषण होता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यहां कोई ट्रीटमेंट का सिस्टम नहीं दिखा।
यहां से उस दौरान पानी के सैंपल लिए गए थे। वह भी फेल आए हैं। ऐसे में यह अव्यवस्थाएं मिली तो अब सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद पीसीबी नगर निगम प्रशासन और कार्य करने वाली संबंधित एजेंसी पूजा कंसुलेशन को नोटिस थमाया है।
अपनी बारी का इंतजार करते हुए मरीज। संवाद